मल्ली ट्रांसपोर्ट कंपनी ने बाढ़ पीड़ितों के लिए दिया 2 लाख 51 हजार रुपये का चेक

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 30 अगस्त 2025: हल्का मजीठा के इंचार्ज और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री तलबीर सिंह गिल ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी अमृतसर को 5 लाख रुपये का चेक भेंट किया और आम जनता से अपील की कि इस कठिन समय में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं।
तलबीर गिल ने डिप्टी कमिश्नर श्रीमती साक्षी साहनी को चेक सौंपते हुए कहा कि इस समय की सबसे बड़ी जरूरत है कि हम सब मिलकर बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद करें और उनके पुनर्वास के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि कुदरत की मार के आगे किसी का बस नहीं चलता, लेकिन हम इंसानियत के नाते एक-दूसरे का साथ दे सकते हैं।
तलबीर गिल ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान स्वयं बाढ़ से हुए नुकसान की पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं और सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि हालात जल्द ही सामान्य हो जाएं। साथ ही उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स से भी अपील की कि वे ज़रूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
तलबीर गिल ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान ने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर को भी सेवा में लगा दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए हर एक जान कीमती है और हम इस मुश्किल घड़ी में लोगों के साथ खड़े हैं।
आज मल्ली ट्रांसपोर्ट कंपनी ने भी बाढ़ पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए रेड क्रॉस को 2 लाख 51 हजार रुपये का चेक डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से भेंट किया और कहा कि उनकी कंपनी भविष्य में भी पीड़ितों की मदद के लिए हर संभव सहायता देने को तैयार है।
डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने श्री गिल और मल्ली ट्रांसपोर्ट कंपनी का धन्यवाद करते हुए लोगों से अपील की कि वे इस मुश्किल समय में बढ़-चढ़कर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं।
इस अवसर पर एसएसपी (देहात) मनिंदर सिंह, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सैमसन मसीह भी उपस्थित थे।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र