गैर कानूनी आदेशों के खिलाफ अधिकारियों का खड़ा होना अच्छी बात: वड़िंग
कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 8 फरवरी 2026: पंजाब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा बिना कारण बताए दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को निलंबित करने के फैसले की कड़ी निंदा की है।
यहां जारी एक बयान में, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि प्रतीत होता है कि दोनों अधिकारियों ने आप सरकार के कुछ गैरकानूनी आदेशों को मानने से इनकार कर दिया था।
उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि अधिकारियों ने आप सरकार के गैर कानूनी आदेशों के खिलाफ खड़ा होना शुरू किया है, जो हमेशा से नौकरशाही और पुलिस का दुरुपयोग करने की कोशिश करती रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को निलंबन के कारण जरूर बताने चाहिए थे, क्योंकि संभावित रूप से ऐसा कोई कारण था ही नहीं, जो इस तरह की दंडात्मक कार्रवाई को उचित ठहरा सके।
वड़िंग ने कहा कि आप सरकार या तो अपनी नाकामी और अक्षमता को छिपाने के लिए अधिकारियों को बलि का बकरा बना रही है या फिर उन्हें डराने-धमकाने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में उनसे गैर कानूनी काम करवाए जा सकें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि आप सरकार ने अपने अधिकारियों के खिलाफ दबाव और दंडात्मक कार्रवाई की हो, क्योंकि पहले भी ऐसा करने के बाद उसे अपने फैसले वापस लेने पड़े थे।
उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि यह सरकार की क्षमता पर सवाल खड़ा करता है कि वह सिर्फ इसलिए अधिकारियों को निलंबित कर रही है, क्योंकि उन्होंने गैरकानूनी आदेशों को मानने से इनकार कर दिया।
वड़िंग ने अधिकारियों से अपील की कि वे डरने की बजाय अपने रुख पर डटे रहें, क्योंकि आप सरकार उनसे कई गैरकानूनी और अस्वीकार्य काम करवाने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की ज्यादती या प्रताड़ना के खिलाफ कांग्रेस अधिकारियों के साथ खड़ी है।
वड़िंग ने कहा कि दोनों अधिकारियों का निलंबन अन्य अधिकारियों को संदेश देने के लिए किया गया है कि वे सरकार की लाइन में आ जाएं, अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। लेकिन आप सरकार गलतफहमी में है, क्योंकि इस तरह की डराने वाली रणनीतियां अंततः सरकार पर ही उलटा असर डालेंगी, जो अपने कार्यकाल के अंत की ओर बढ़ रही है।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
