Breaking News

महिलाओं की स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार से संबंधित विशेष कैंप आयोजित

विधायिका जीवनजोत कौर ने महिलाओं की सेहत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर किया जागरूक, सरकारी योजनाओं की भी दी जानकारी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 12 फरवरी 2026: महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला प्रशासन के नेतृत्व में जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो के सहयोग से महिलाओं की स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार से संबंधित जिला स्तरीय विशेष कार्यक्रम स्वरूप रानी सरकारी कॉलेज (इ.) में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती जीवनजोत कौर, विधायक अमृतसर पूर्वी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए कहा कि इस कैंप का उद्देश्य महिलाओं की सेहत से जुड़े विभिन्न मुद्दों के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ उन्हें सशक्त बनाने हेतु रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी देना है।
इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को बताया कि पंजाब सरकार द्वारा प्रत्येक परिवार का 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे इस संबंध में लोगों को जागरूक करें ताकि प्रत्येक परिवार अपना स्वास्थ्य बीमा योजना कार्ड बनवा सके।


कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण तथा अन्य विभागों द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां महिलाओं के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं संबंधी जानकारी के साथ प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इस कैंप का मुख्य आकर्षण रोजगार मेला रहा, जिसमें लगभग 464 विद्यार्थियों ने रोजगार के अवसरों के लिए पंजीकरण करवाया। इनमें से 21 विद्यार्थियों को मौके पर ही जॉब ऑफर पत्र दिए गए तथा 229 लड़कियों का नौकरी के लिए चयन किया गया। इस कैंप में 17 विभिन्न कंपनियों ने रोजगार प्रदान करने हेतु भाग लिया, जिनमें पुखराज हेल्थ केयर, एलआईसी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, निधिया वेल्थ, एजाइल हर्बल, मैक्सिक्स कोचरटेक, पीएनबी मेटलाइफ इंश्योरेंस, स्टार हेल्थ एंड अलाइड इंश्योरेंस, लॉन्ग लाची कैफे, स्वानी मोटर्स, डी-मार्ट अमृतसर, एनफ्यूज सॉल्यूशंस, केयर हेल्थ इंश्योरेंस, जूडियो स्टोर, वेबर्स, एओएससी, वर्ल्डवाइड सॉल्यूशंस आदि शामिल थीं।
इस अवसर पर जिला बाल सुरक्षा अधिकारी श्री असीसइंदर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री गुरमीत सिंह, डिप्टी डायरेक्टर एवं सीईओ तीरथपाल सिंह, प्रिंसिपल स्वरूप रानी कॉलेज श्रीमती किरणजीत बल्ल, सीडीपीओ मीना देवी, श्री मनिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Check Also

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान एक महीने में दूसरी बार जालंधर पहुंचे, लोक मिलनी के दौरान मौके पर ही किया शिकायतों का निपटारा

भगवंत सिंह मान ने इस पहल को एक ही प्लेटफॉर्म पर लोगों की शिकायतों के …