कांग्रेस का राज, नशा मुक्त खुशहाल होगा पंजाब: दिनेश बस्सी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 31 अक्टूबर 2026: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अमृतसर के पूर्वी हलके से जुड़े इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी ने कहा कि पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और असुरक्षा के माहौल ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। युवा पीढ़ी नशे की समस्या से प्रभावित हो रही है और पंजाब के लोग एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल माहौल की उम्मीद कर रहे हैं।
दिनेश बस्सी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंजाब को इन चुनौतियों से बाहर निकालकर दोबारा खुशहाल, सुरक्षित और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, गैंगस्टरवाद पर अंकुश और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बहाली समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की संगरूर में होने वाली इंसाफ रैली पंजाब की जनता की आवाज बुलंद करने का मंच बनेगी। रैली में नशे, गैंगस्टरवाद, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया जाएगा।
बस्सी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे राहुल गांधी की इंसाफ रैली में बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब की खुशहाली, युवाओं के बेहतर भविष्य और आम लोगों की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर प्रयास करने की जरूरत है।

Check Also

कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा ड्रग हॉटस्पॉट इलाकों में बड़े स्तर पर विशेष कॉसो ऑपरेशन

डी.सी.पी. ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशनों की निगरानी की, पुलिस कमिश्नर ने अन्नगढ़ …