बोले: ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं, युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखना जरूरी, भविष्य में भी करवाए जाएंगे ऐसे टूर्नामेंट

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 31 अक्टूबर 2026: सांसद गुरजीत सिंह औजला के भाई एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुखजिंदर सिंह सुख औजला की अगुवाई में अजनाला में वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ अमृतसर के सहयोग से ब्लॉक स्तरीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट करवाया गया। इस टूर्नामेंट में अजनाला ब्लॉक के विभिन्न गांवों की करीब 30 टीमों ने हिस्सा लिया। दो दिवसीय टूर्नामेंट में ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पंजाब वॉलीबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुख औजला ने कहा कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। अजनाला, अमृतसर और पंजाब की धरती पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन खिलाड़ियों को बिना किसी भेदभाव और पक्षपात के उचित मंच उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में सामान्य परिवारों से आने वाले खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, जो उनके लिए खुशी की बात है।
उन्होंने सुबह 8 बजे से टूर्नामेंट में पहुंचकर खेलने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी टीमों में काफी प्रतिभा देखने को मिली। उनका प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी ऐसे टूर्नामेंट आयोजित किए जाएं, ताकि ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिल सकें।
सुख औजला ने कहा कि सांसद गुरजीत सिंह औजला पंजाब वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं और एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों को जरूरी खेल सुविधाएं एवं सामान उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेलों को प्रोत्साहित करना समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में मदद करने के साथ उन्हें नशे से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा खेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरियों में अवसर प्राप्त करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र