विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांव खानकोट से 83वीं तीर्थ यात्रा बस श्रद्धालुओं को लेकर रवाना

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु/अमृतसर, 31 अक्टूबर 2026: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा आज विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांव खानकोट से हलके की 83वीं तीर्थ यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस बस के माध्यम से श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के दर्शन करेंगे।
श्रद्धालुओं को रवाना करने के अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत प्रदेशवासियों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के निःशुल्क दर्शन करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क है। यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक ले जाने और वापस लाने के अलावा यात्रा के दौरान रहने-सहने सहित सभी आवश्यक प्रबंध भी पंजाब सरकार द्वारा किए जाते हैं, ताकि हर वर्ग के लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का विधानसभा हलका जंडियाला गुरु की संगत को भरपूर लाभ मिल रहा है और आज हलके से 83वीं तीर्थ यात्रा बस रवाना की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना की और मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया।

Check Also

कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा ड्रग हॉटस्पॉट इलाकों में बड़े स्तर पर विशेष कॉसो ऑपरेशन

डी.सी.पी. ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशनों की निगरानी की, पुलिस कमिश्नर ने अन्नगढ़ …