Breaking News

अमृतसर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े छह आरोपी 14 पिस्तौलों सहित गिरफ्तार

आरोपी विदेशों में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे: डीजीपी गौरव यादव
गिरफ्तार आरोपी आगे इन हथियारों को आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचा रहे थे: सीपी अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 10 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने छह व्यक्तियों को 14 आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बॉबी सिंह और रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, दोनों निवासी गांव तलवंडी शोभा सिंह, जिला तरनतारन; गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी गांव खोहाल, वर्तमान पता मैक्स सिटी, जंडपीर कॉलोनी, अमृतसर; कमल निवासी संधू कॉलोनी, अमृतसर; अजय सिंह उर्फ काका निवासी एस्मा एस्टेट, अमृतसर और स्वर्ण सिंह निवासी सेक्टर-17, पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है।
बरामद किए गए पिस्तौलों में एक .30 बोर टिसास जिगाना, एक .30 बोर जिगाना ईगल, एक .30 बोर (चीन निर्मित), दो एमएम पिस्तौल, सात .30 बोर पिस्तौल और दो .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं।


डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। इन हैंडलरों ने ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में मदद की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी कथित तौर पर इन खेपों को प्राप्त करते थे और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को हथियारों की सप्लाई करते थे।
जीपी ने कहा कि अवैध हथियारों की सप्लाई के बड़े नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए इस मामले के आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने तथा अन्य सहयोगियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह अवैध पिस्तौलों सहित पांच आरोपियों बॉबी सिंह, रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत, कमल और अजय सिंह उर्फ काका को गिरफ्तार किया है।
सीपी ने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आठ अवैध पिस्तौलों सहित स्वर्ण सिंह को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला आर्म्स एक्ट की धारा 25(6,7,8) के तहत 02.11.2026 को थाना छेहरटा में एफआईआर नंबर 272 के रूप में दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरा मामला आर्म्स एक्ट की धारा 25(6,7,8) के तहत 08.11.2026 को थाना सिविल लाइंस में एफआईआर नंबर 207 के रूप में दर्ज किया गया है।

Check Also

मैरिज पैलेसों/होटलों के दावत हॉलों, विवाह-शादियों व अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में हथियार लेकर जाने पर पाबंदी

पुलिस सांझ केंद्रों में किरायेदारों, पी.जी. के बारे में जरूरी जानकारी देना अनिवार्य कल्याण केसरी …