Breaking News

अमृतसर में 3 नाबालिगों समेत 7 व्यक्ति गिरफ्तार, आरपीजी, 2 पिस्तौल, 7.9 किलो हेरोइन, 5 किलो अफीम और 2.3 किलो आईसीई बरामद

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 10 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सात व्यक्तियों, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं, को एक रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) — 22 नाटो एंटी-टैंक मिसाइल लॉन्चर, दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, 106 जिंदा कारतूस, 7.9 किलो हेरोइन, 5.1 किलो अफीम और 2.3 किलो ‘आईसीई’ (मेथामफेटामाइन) सहित गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और नशा तस्करी करने वाले कई नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरकिरपाल सिंह उर्फ गुरपाल (20), निवासी गांव चीचा; लवप्रीत सिंह उर्फ नवप्रीत सिंह उर्फ नव (25), निवासी गांव धारीवाल, लोपोके; बलकार सिंह (41), निवासी कोटली दुसांधी; सुखजीत सिंह (19), निवासी अजनाला और तीन नाबालिगों के रूप में हुई है।
हथियारों, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से एक ड्रोन, एक जीपीएस ट्रैकिंग डिवाइस और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने के लिए सप्लाई करवाते थे। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहले ऑपरेशन में अमृतसर ग्रामीण पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त टीम ने 22 नाटो आरपीजी एंटी-टैंक मिसाइल लॉन्चर सहित गुरकिरपाल सिंह उर्फ गुरपाल और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है।
दूसरे ऑपरेशन के बारे में उन्होंने बताया कि थाना लोपोके की टीमों ने बीएसएफ के साथ मिलकर बॉर्डर आउटपोस्ट (बीओपी) उत्तर धारीवाल क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया और दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, दो मैगजीन और गोला-बारूद सहित लवप्रीत सिंह उर्फ नवप्रीत को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के दो अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
आईजीपी ने बताया कि तीसरे ऑपरेशन में थाना भिंडी सैदां की टीमों ने बीएसएफ के साथ मिलकर 2.3 किलो आईसीई ड्रग बरामद करते हुए बलकार सिंह, सुखजीत सिंह और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर आईसीई ड्रग तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया।
जांच में पता चला है कि बलकार सिंह, जिसकी कृषि भूमि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी बाड़ के साथ लगती है, ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ गिरवाने का प्रबंध किया था और इसकी आगे सप्लाई करने के लिए अजनाला के स्थानीय युवाओं को अपने साथ शामिल किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि इसके अलावा थाना भिंडी सैदां की टीमों द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए गए दो अन्य बरामदगी अभियानों के दौरान गांव अवान लखा सिंह के निकट ड्रोन के जरिए गिराई गई 7.904 किलो हेरोइन और एक ट्रैकर डिवाइस बरामद किया गया। वहीं, बीएसएफ के साथ बीओपी फतेहपुर क्षेत्र में रात के समय चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान 5.152 किलो अफीम का पैकेट भी जब्त किया गया।
इस संबंध में पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत एफआईआर नंबर 487, दिनांक 06.11.2026, थाना घरिंडा; आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 359, दिनांक 04.11.2026, थाना लोपोके; एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर नंबर 184, दिनांक 10.11.2026, धारा 21 और 23 के तहत एफआईआर नंबर 180 तथा धारा 18 के तहत एफआईआर नंबर 181, थाना भिंडी सैदां में दर्ज किए गए मामले शामिल हैं।

Check Also

मैरिज पैलेसों/होटलों के दावत हॉलों, विवाह-शादियों व अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में हथियार लेकर जाने पर पाबंदी

पुलिस सांझ केंद्रों में किरायेदारों, पी.जी. के बारे में जरूरी जानकारी देना अनिवार्य कल्याण केसरी …