पेंशनरों को ई-केवाईसी और ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र अपलोड करवाने की मिलेगी सुविधा
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 17 नवंबर 2026: जिला खजाना अधिकारी अमृतसर श्रीमती सुखबीर कौर ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब सरकार द्वारा पेंशनर सेवा पोर्टल के माध्यम से ई-केवाईसी और ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) अपलोड करने की सुविधा प्रदान करने के लिए 19 से 21 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय पेंशनर सेवा मेला आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह मेला जिला खजाना कार्यालय अमृतसर, खजाना कार्यालय अजनाला और बाबा बकाला में सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक लगाया जाएगा। इस दौरान पेंशनरों को ई-केवाईसी और जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन अपलोड करवाने संबंधी सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
जिला खजाना अधिकारी ने जिले के सभी पंजाब सरकार के सेवानिवृत्त पेंशनरों, पारिवारिक पेंशनरों और पेंशनर यूनियनों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस सेवा मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि मेले में आते समय पेंशनर अपने साथ पी.पी.ओ. की कॉपी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन अवश्य लेकर आएं, ताकि ओ.टी.पी. के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन पेंशनरों या पारिवारिक पेंशनरों की ई-केवाईसी पहले ही पूरी हो चुकी है, उन्हें दोबारा ई-केवाईसी करवाने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे पेंशनरों को केवल अपना जीवन प्रमाण पत्र ही ऑनलाइन अपलोड करवाना होगा।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
