अमृतसर में 38.962 किलोग्राम हेरोइन, 10 आधुनिक पिस्तौल और 800 ग्राम अफीम बरामद; नाबालिग समेत सात गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेपों का प्रबंध कर रहे थे: डीजीपी गौरव यादव
सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन के दौरान 109 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया; और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की उम्मीद: आईजीपी गुरप्रीत भुल्लर

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 17 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक नाबालिग समेत सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और नशा तस्करी के अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
गौरतलब है कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10 आधुनिक पिस्तौल, 102 जिंदा कारतूस, 38.962 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप और 800 ग्राम अफीम बरामद की गई है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लक्ष्य खत्री निवासी गांव घनुपुर काले, अमृतसर; गुरमीत सिंह निवासी गांव शहजादा, अमृतसर; मनदीप सिंह निवासी नूरपुर बेट, लुधियाना; विशालदीप सिंह निवासी गंडीविंड, तरनतारन; तथा गुरदित्त सिंह और विशाल, दोनों निवासी चविंडा कलां, अमृतसर के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने उक्त आरोपियों के साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेपों का प्रबंध कर रहे थे और उक्त आरोपियों के माध्यम से इन्हें आगे अन्य आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे।
उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपियों के आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है, ताकि अन्य आरोपियों की पहचान करके अवैध हथियारों और नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को समाप्त किया जा सके।
डीजीपी ने बताया कि इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन के दौरान 109 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। इस दौरान और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की उम्मीद है।
ऑपरेशन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी), बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इन कार्रवाइयों के दौरान पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार विशेष नाके लगाए गए। इसके साथ ही बीएसएफ की बटालियनों के साथ संयुक्त तलाशी अभियान भी चलाए गए।
आईजीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बड़ी बरामदगियों का विवरण देते हुए बताया कि थाना भिंडी सैदां के क्षेत्र में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने अड्डा भिंडी सैदां में बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार मनदीप सिंह और विशालदीप सिंह को रोककर उनके कब्जे से 12 किलोग्राम हेरोइन, एक .30 बोर पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए।
इसी तरह उन्होंने बताया कि थाना लोपोके की टीमों ने बीएसएफ के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान गांव सिद्धवां नहर के पास लक्ष्य खत्री और उसके नाबालिग साथी को काबू करके 4.992 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। इसके साथ ही उनका हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया गया।
उन्होंने आगे बताया कि एक अन्य कार्रवाई में पुलिस टीमों ने पधरी नहर के पुल के पास नाका लगाकर गुरदित्त सिंह और विशाल को 4 किलोग्राम हेरोइन तथा 800 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार कर लिया।
आईजीपी ने बताया कि थाना अजनाला में गश्त कर रही टीमों ने गांव गुज्जरपुरा के पास बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल का पीछा करते हुए गुरमीत सिंह को काबू किया। उसके किट बैग से 3 किलोग्राम हेरोइन, तीन पिस्तौल—जिनमें एक .30 बोर और दो 9 एमएम पिस्तौल शामिल हैं—पांच मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा थाना जंडियाला के अंतर्गत हवेली के पास लगाए गए हाईटेक नाके पर पुलिस ने एक कार को रोककर उसमें से दो पिस्तौल बरामद किए।
अधिक जानकारी साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि संयुक्त सीमावर्ती तलाशी अभियानों के दौरान चार बड़ी लावारिस बरामदगियां हुई हैं।


इनमें शामिल हैं:
थाना लोपोके के अंतर्गत गांव हेतमपुर के खेतों से आठ मैगजीन सहित चार जिगाना पिस्तौल बरामद किए गए।
थाना लोपोके के अंतर्गत बहिरवाल पुल-शहूरा सड़क पर लावारिस हालत में पड़ी 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।
थाना घरिंडा के अंतर्गत सीमा चौकी (बीओपी) दाओके के पास ड्रोन की गतिविधि के बाद 4.970 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।
थाना घरिंडा के अंतर्गत गांव धोडेविंड के खेतों से 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।

इस संबंध में अमृतसर के थाना घरिंडा, थाना लोपोके, थाना अजनाला और थाना भिंडी सैदां में नौ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।

Check Also

डिप्टी कमिश्नर द्वारा ई.वी.एम. और वी.वी.पैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग का निरीक्षण

जांच प्रक्रिया के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को शामिल होने का दिया …