जांच प्रक्रिया के लिए किए गए प्रबंधों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 21 नवंबर 2026: भारतीय चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर ईवीएम वेयरहाउस, डबुर्जी, जीटी रोड, अल्फा इंटरनेशनल सिटी के नजदीक, अमृतसर में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की जा रही है।
इस जांच प्रक्रिया का जायजा लेने और निरीक्षण करने के लिए भारतीय चुनाव आयोग के अधिकारियों की एक टीम ने अमृतसर का दौरा किया। इस टीम में श्री वीरेंद्र कुमार, सेक्शन ऑफिसर, श्री संतोष कुमार मीणा, सेक्शन ऑफिसर, श्री अवधेश कुमार, सहायक सेक्शन ऑफिसर, श्री आराधन वर्मा, सहायक सेक्शन ऑफिसर तथा श्री दीपक गौतम, डीईओ शामिल थे।
दौरे के दौरान अधिकारियों ने ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच के लिए किए गए प्रबंधों तथा अपनाई जा रही प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने समस्त व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जांच का कार्य भारतीय चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं हिदायतों के अनुसार किया जा रहा है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने जांच स्थल पर सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों एवं मशीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं तथा अग्निशमन यंत्र भी उपलब्ध करवाए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। उन्होंने दौरा करने वाले अधिकारियों के साथ बातचीत की। इससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं सभी संबंधित पक्षों की भागीदारी सुनिश्चित हुई।
इस अवसर पर जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर, अमृतसर ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के सभी प्रतिनिधियों से अपील की कि वे ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच की पूरी प्रक्रिया के दौरान अपनी नियमित एवं अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा आम जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र