हर बच्चे को सुरक्षित बचपन, शिक्षा और अपने सपने पूरे करने का अधिकार है – वक्ता

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 27 नवंबर 2026: जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से जिला युवा विकास संगठन (जैडवायवीएस), अमृतसर द्वारा 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शिवाला भाईयां, अमृतसर में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता पैदा करना और बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री तरनजीत सिंह बाजवा ने शिरकत की। इस अवसर पर समाजसेवी श्री बलविंदर सिंह, सीआरए प्रोजेक्ट अधिकारी श्रीमती दिव्या शर्मा, स्कूल के प्रिंसिपल श्री मुख्तार सिंह, जिला युवा विकास संगठन की जिला कोऑर्डिनेटर निशा, सीएसडब्लयू अनुरीत कौर, अमानत और राहुल सहित आंगनवाड़ी वर्करों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता गतिविधियां और महिला सशक्तिकरण से संबंधित संदेश प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर बाल विवाह के दुष्प्रभावों, बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व और लड़कियों के सशक्तिकरण के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बचपन हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और कम उम्र में विवाह करवाकर किसी भी बच्चे से उसका बचपन, शिक्षा, सपने और बेहतर भविष्य के अवसर नहीं छीनने चाहिए। बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन भी है। इसे समाप्त करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को भी आगे आना चाहिए। समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ भी दिलाई गई। इसके साथ ही अपील की गई कि यदि किसी को अपने आसपास बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो वह तुरंत संबंधित प्रशासन और बाल संरक्षण विभाग को सूचित करे।
जिला युवा विकास संगठन का उद्देश्य वर्ष 2030 तक बाल विवाह समाप्त करने के राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय योगदान देना है। संगठन द्वारा जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से बाल अधिकारों की रक्षा तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस 100 दिवसीय अभियान के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता पहुंचाने, समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर प्रदान करने का संकल्प लिया गया।
अंत में संगठन की ओर से संदेश दिया गया कि हर बच्चे को अपना बचपन जीने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने का पूरा अधिकार है। बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
आइए, मिलकर संकल्प लें – बाल विवाह मुक्त भारत, बाल विवाह मुक्त पंजाब।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र