भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल संयुक्त गठबंधन की अहम बैठक हुई संपन्न

कल्याण केसरी न्यूज़ जालंधर, 20 अप्रैल : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा तथा शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के सीनियर नेता व पूर्व मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा की अध्यक्षता में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल संयुक्त गठबंधन की एक अहम बैठक भाजपा चुनाव कार्यालय, लाजपत नगर, जालंधर में हुई, जिसमें भाजपा व शिअद संयुक्त गठंबधन के नेताओं ने भाग लिया। इस बैठक में जालंधर लोकसभा चुनाव संबंधी रणनीति पर विस्तृत चर्चा करते हुए नेताओं की लोकसभा चुनाव हेतु जिम्मेवारियां लगाई।

अश्वनी शर्मा ने अपने संबोधन में उपस्थित नेताओं को भाजपा व शिअद संयुक्त के संयुक्त प्रत्याशी इंद्र इकबाल सिंह अटवाल को विजयी बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक साल बाद आज पंजाब की स्थिति यह है कि राज्य की जनता आप सरकार से तंग आ चुकी है और अब बदलाव चाहती है। जनता ने भारतीय जनता पार्टी को पंजाब में बदलाव के रूप में चुन लिया है। इसका कारण यह है कि लोग अब भाजपा के शासन वाले गुजरात, उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश व हरियाणा जैसे राज्यों में की गई तरक्की के नए मुकाम देख रहे हैं और उन्हें पूर्ण विश्वास हो चुका है कि भाजपा ही अब पंजाब का भविष्य है और पंजाब के बिगड़े हालात भी भाजपा के जरिए ही सुधर सकते हैं। लिहाजा लोग अब भाजपा को पंजाब में लाने का मन बना चुके हैं और इसकी शुरूआत जालंधर लोकसभा सीट के उपचुनाव में होगी और भाजपा बड़े अंतर के साथ यह सीट जीतेगी। जनता ने भगवंत मान सरकार को संगरूर लोकसभा चुनाव में हरा कर इसका जवाब पहले ही दे दिया है और अब जालंधर लोकसभा चुनाव में आप प्रत्याशी को हरा कर इन्हें पंजाब की सत्ता से भी चलता करने के लिए अपना फ़तवा देगी।

परमिंदर सिंह ढींडसा ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि जालंधर लोकसभा उपचुनाव सीट में जहाँ इस बार शिअद संयुक्त भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन के चलते भाजपा को अपना पूरा समर्थन दे रहा है, वहीं जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए अपनी पार्टी के नेताओं की हल्का प्रभारियों के रूप में नियुक्ति कर उन्हें चुनाव संबंधी जिम्मेवारियां भी सौंप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस समय भाजपा का जनाधार बहुत मज़बूत है और भाजपा प्रत्याशी इंद्र इकबाल सिंह अटवाल की जीत सुनिश्चित है। इस अवसर पर दोनों पार्टियों के नेताओं ने इस जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए सभी को आह्वान किया कि हमें केंद्र सरकार की नीतियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच में लेकर जाना है और इस बार प्रत्याशी इंदर इकबाल सिंह अटवाल जी को विजय बनाकर लोकसभा भेज कर जालंधर शहर के रुके हुए विकास को पूरा करना है। दोनों दलों ने सँयुक्त रुप से लोकसभा उपचुनाव में तालमेल के साथ विजयी परचम लहरायेंगे।

इस अवसर पर विशेष रूप शिरोमणि अकाली दल संयुक्त की तरफ से पूर्व मंत्री जगदीश सिंह गरचा, महिला विंग शिअद संयुक्त पंजाब की अध्यक्षा बीबी हरजीत कौर, जनरल सेक्टरी शिअद संयुक्त पंजाब मनजीत सिंह दसुहा, प्रदेश शिअद संयुक्त कैशियर गुरचरण सिंह चन्नी,  होशियारपुर शिअद संयुक्त जिला अध्यक्ष सतविंदर पाल सिंह डट, उज्जल सिंह, अर्जुन सिंह शेरगिल आदि उपस्थित थे।

Check Also

सरकारी योजनाओं को समाज के सभी वर्गों तक आसानी से पहुंचाया जाए- डिप्टी ईएसए

कल्याण केसरी न्यूज़ अमृतसर 4 जुलाई 2024–नीति आयोग, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित संपूर्णता अभियान का …