घटना में शामिल दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो इंसाफ के लिए पंजाब भर में दिए जाएंगे मांगपत्र

कल्याण केसरी न्यूज़ अमृतसर : मणिपुर की घटना ने देश को शर्मसार किया हैं। महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने वालों ने महिलाओं के सम्मान को चोट पहुंचाई है। ऐसे लोगों को तो तुरंत फांसी पर लटका देना चाहिए। यह विचार पंजाब अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य डा. सुभाष थोबा ने माहल बाइपास में मसीही भाईचारे के इकट्ठ को संबोधित करते हुए कहे। डा. सुभाष ने कहा कि मणिपुर की घटना में देश की मां बेटियों के सम्मान का अपमान हुआ है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम हैं। वहां बसे लोगों के धार्मिक संस्थान ढहा दिए गए। मणिपुर में हुई जुल्म की इंतेहा देश के माथे पर कलंक है। इस कलंक को वहां की सरकार कभी भी धो नहीं सकेगी। उन्होंने कहा कि इस घटना के 71 दिन बीतने के बाद भी वहां की सरकार चुप्पी साधे बैठी है। मणिपुर जल रहा है। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
डा. सुभाष थोबा ने कहा कि मणिपुर में सरकार की नीतियां ठीक नहीं है या फिर जानबूझकर बेबस नजर आ रही है। अल्पसंख्यक महिलाओं के साथ बहुत ही गलत किया गया। महिलाओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। सरकार भी उनकी है। फिर भी चुप हैं। इस घटना से महिलाओं में ही नहीं पूरे देश में आक्रोश है। मणिपुर में एक लंबे समय से हिंसा चल रही है। लेकिन कोई भी कार्रवाई अभी तक नहीं हुई है।
पुलिस का रवैया भी ठीक नहीं।

अल्पसंख्यक महिलाओं के साथ सार्वजनिक तौर पर हुई हरकत ने इंसानियत को शर्मसार किया हैं। इस घटना की वीडियो पूरे देश में फैली, जो इस बात का प्रमाण है कि महिलाओं के साथ गैर इंसानी व्यवहार हुआ। इस घटना के दोषियों को सार्वजनिक स्थल पर फांसी लटका दिया जाए तो भी यह सजा कम होगी। डा. थोबा ने कहा कि जल्द ही पंजाब का मसीही भाईचारा अलग अलग जिलों में रोष प्रदर्शन करेगा। जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती तब तक संघर्ष जारी रखेगा। हम सरकार को मांगपत्र भेजेंगे, ताकि मणिपुर में ईसाई भाईचारे पर हो रहे अत्याचार पर रोक लग सके।इस मौके पर अल्पसंख्यक एडवाइजरी कमेटी के सदस्य दर्शन माहल, पास्टर बिरजू, मुख्तार मसीह, कर्म छाबड़ा, विक्रम खोखर, पास्टर सोनू, पास्टर चंदन, सिस्टर मसोफी, सिस्टर सोजा, सिस्टर ममता, सिस्टर नीति, सिस्टर अल्का के अलावा भारी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित थी। मसीही भाईचारे ने मणिपुर में बसने वाले मसीही भाईचारे व अल्पसंख्यक भाईचारे के लिए प्रार्थना की।

Check Also

25 सितंबर 2024 को जिला रोजगार एवं व्यवसाय ब्यूरो अमृतसर में रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा

कल्याण केसरी न्यूज़ अमृतसर 23 सितम्बर 2024:–पंजाब सरकार द्वारा घर-घर रोजगार एवं व्यवसाय योजना के तहत …