कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 05 जनवरी 2026: आम आदमी पार्टी के अमृतसर लोकसभा इंचार्ज एवं जिला योजना समिति के चेयरमैन गुरप्रताप सिंह संधू ने एक प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 15 जनवरी को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत की जा रही है। इस योजना के तहत पंजाब के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस इलाज मिलेगा। इस योजना के लिए कोई आय सीमा निर्धारित नहीं की गई है और राज्य के सरकारी कर्मचारियों को भी इसमें शामिल किया गया है।
संधू ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 15 जनवरी को इस योजना का आधिकारिक रूप से शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा चलाई गई स्वास्थ्य योजनाओं में केवल 5 लाख रुपये तक की कवरेज दी जाती थी, लेकिन मान सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए इस सीमा को दोगुना कर 10 लाख रुपये कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ हर निवासी को मिलेगा और किसी भी परिवार को इससे वंचित नहीं रखा जाएगा। इस योजना के तहत सरकारी और निजी, दोनों प्रकार के सूचीबद्ध (एम्पैनल) अस्पतालों में इलाज कराया जा सकेगा।
अंत में संधू ने कहा कि यह योजना राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी, जिससे हर घर को गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त इलाज की पूरी गारंटी मिलेगी।
Check Also
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पहले प्रकाश पर्व पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में बड़ी संख्या में संगत ने भरी हाजिरी
गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब से सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब तक सजाया गया नगर कीर्तन कल्याण …
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
