धोखे, लूट और गंवाए गए मौकों के 4 साल: वड़िंग

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 16 मार्च 2026: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा चार साल में सभी वादे पूरे करने के दावे को बेशर्मी भरा झूठ बताते हुए, उसका मजाक उड़ाया है।
उन्होंने कहा कि असलियत में ये चार साल धोखे, लूट और गंवाए गए मौकों के रहे हैं, जहां पंजाब के संसाधनों का शोषण किया गया, उन्हें लूटा गया और दूसरे राज्यों में चुनाव लड़ने के लिए इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने कहा कि आप सरकार को यह श्रेय भी लेना चाहिए कि उसने पंजाब को देश के सभी राज्यों में से फिस्कल हेल्थ इंडेक्स में सबसे नीचे पहुंचा दिया है।
उन्होंने कहा कि आप भले ही झूठ बोलने की कला में माहिर हो गई हो, लेकिन अब वह पंजाब के लोगों को ज्यादा समय तक बेवकूफ नहीं बना सकती है। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने पंजाब को भारी कर्ज के बोझ तले दबाकर उसे दिवालियेपन की राह पर धकेल दिया है और राज्य को जंगल राज में बदल दिया है, जहां गैंगस्टरों का दबदबा बढ़ गया है।
इसी तरह आप के दावों को झूठा बताते हुए, उन्होंने कहा कि चार साल बीत जाने के बावजूद पंजाब की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलनी अभी तक शुरू नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद सरकार दावा कर रही है कि उसने अपने सभी वादे पूरे कर दिए हैं।
वड़िंग ने कहा कि आप सरकार द्वारा लिया गया भारी कर्ज पिछली सभी सरकारों के रिकॉर्ड तोड़ चुका है और इसे चुकाने में कई पीढ़ियां लग जाएंगी। उन्होंने बताया कि राज्य का कुल कर्ज 4.17 लाख करोड़ रुपये से पार हो चुका है और नीति आयोग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार पंजाब फिस्कल हेल्थ इंडेक्स में सबसे नीचे पहुंच गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने खास तौर पर पंजाब में बढ़ते गैंगस्टर कल्चर का जिक्र करते हुए, कहा कि आज कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। लोगों को आतंकवाद के दौर में भी इतनी असुरक्षा महसूस नहीं होती थी, जितनी आज हो रही है।
वड़िंग ने कहा कि नशे की समस्या और गंभीर हो गई है, क्योंकि आप सरकार इसे काबू करने में नाकाम रही है।
उन्होंने राज्य में फैले व्यापक भ्रष्टाचार का भी जिक्र करते हुए, कहा कि यह तो उगाही की हदों से भी आगे निकल चुका है। यह आप सरकार की सबसे बड़ी ‘उपलब्धि’ है, जिसका वह खुलकर श्रेय ले सकती है।

Check Also

1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश के साथ पंजाब बना निवेशकों की पहली पसंद : बंदेशा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 16 मार्च 2026: पंजाब लघु उद्योग निगम के वाइस चेयरमैन और …