
कल्याण केसरी न्यूज़, अजनाला/अमृतसर, 31 मार्च 2026: विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए राज्य के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ द्वारा आज 4 करोड़ रुपये की लागत से गांव कोहाटविंड हिंदुओं में विभिन्न इंटरलॉकिंग गलियों और नई सड़कों के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
इस मौके पर क्षेत्र के निवासियों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि स्पेशल असिस्टेंस स्कीम फेज-1 के तहत 5054 फंडों में से उक्त सड़कों का निर्माण कार्य किया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई 10.59 किलोमीटर होगी। उन्होंने बताया कि यह कार्य संबंधित ठेकेदार को अलॉट किया जा चुका है और इसे 12 महीने की समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा जिला अमृतसर के अंतर्गत आने वाली विभिन्न सड़कों को 400.01 लाख रुपये की लागत से अपग्रेड किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के भीतर सभी संपर्क सड़कों को अपग्रेड कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण से आम लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्य को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष को मान सरकार द्वारा विकास वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र