कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 02 अप्रैल 2026: भारतीय सेना में भर्ती होने के इच्छुक लड़के और लड़कियों के लिए एक सुनहरा अवसर है। इस बात की जानकारी जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) डॉ. रुपिंदर पाल सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि युवाओं के उत्साह को देखते हुए अग्निवीर आर्मी भर्ती की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अप्रैल 2026 कर दी गई है।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, अमृतसर की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती नीलम महै ने बताया कि यह निर्णय युवाओं द्वारा लगातार आ रही भर्ती संबंधी पूछताछ और आवेदन करने की बढ़ती रुचि को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि इच्छुक उम्मीदवारों को सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष से आयु सीमा में एक वर्ष की वृद्धि करते हुए इसे 18 से 22 वर्ष कर दिया गया है।
इस भर्ती के लिए 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं और उन्हें सेना के नियमों के अनुसार शारीरिक रूप से फिट होना आवश्यक है। यह भी उल्लेखनीय है कि इच्छुक उम्मीदवार एक साथ दो अलग-अलग पदों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। जिले के इच्छुक लड़के और लड़कियों से अपील की गई है कि वे बढ़ाई गई अंतिम तिथि का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
रोजगार अधिकारी श्री मुकेश सरंगल ने बताया कि सेना में भर्ती के इच्छुक उम्मीदवार www.joinindianarmy.nic.in पर अपनी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उक्त वेबसाइट पर जाएं या किसी भी कार्य दिवस में जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, अमृतसर में व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें। इसके अलावा, कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 9915789068 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
