जन संवाद कार्यक्रम के तहत लोगों को पंजाब सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु/अमृतसर, 3 अप्रैल 2026: जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार देते हुए कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ईटीओ द्वारा आज क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कुल लगभग 5 करोड़ 33 लाख 94 हजार रुपये के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ईटीओ द्वारा गांव गगड़भाना में 1 करोड़ 57 लाख 60 हजार रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इसके अलावा गांव गगड़भाना में खेल मैदान के लिए 23 लाख 29 हजार रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई, जिससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इसके बाद गांव पल्ला में 32 लाख 65 हजार रुपये, गांव बुट्टर खुर्द में 1 करोड़ 56 लाख 80 हजार रुपये तथा गांव बुट्टर सिवियां में 1 करोड़ 63 लाख 60 हजार रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की गई।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हर गांव में विकास कार्य तेजी से जारी हैं और इस वर्ष कोई भी गांव विकास के मामले में अधूरा नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों की सरकार है और लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना सरकार का मुख्य एजेंडा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने इन गांवों में ‘शानदार चार साल, भगवंत मान के साथ’ के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रमों के दौरान पंजाब सरकार की चार साल की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने लोगों के हित में किए गए हर वादे को पूरा किया है।
इस मौके पर ब्लॉक समिति चेयरमैन अमरीक सिंह सोढ़ी, सरपंच गुरमुख सिंह सरजा, चेयरमैन डॉक्टर गुरविंदर सिंह, सरपंच अजय गांधी, सरपंच गुरप्रीत सिंह, सरपंच इंदरजीत सिंह, सरपंच प्रगट सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र