डिप्टी कमिश्नर ने पोर्टल पर प्राप्त व्यापारी वर्ग की शिकायतों को बिना किसी देरी के हल करने के दिए निर्देश
व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समयबद्ध तरीके से होगा समाधान: डिप्टी कमिश्नर
राज्य सरकार द्वारा निवेश को आकर्षित करने और व्यापार-अनुकूल माहौल को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं: शीतल जुनेजा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 6 अप्रैल 2026: पंजाब सरकार द्वारा व्यापारी वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए जारी प्रयासों के तहत आज जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर अमृतसर में पंजाब राज्य व्यापार आयोग के सदस्य श्री शीतल जुनेजा, व्यापार आयोग के जिला व हल्का स्तर के प्रतिनिधियों, व्यापारियों और दुकानदारों के साथ एक अहम बैठक की गई। इस बैठक की अध्यक्षता डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारी वर्ग से संबंधित शिकायतों और समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए एक पोर्टल www.punjabdisewa.com बनाया गया है, जिस पर व्यापारी अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर जिला अमृतसर से संबंधित 196 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 153 का समाधान कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए कार्रवाई जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर प्राप्त हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य स्तर पर भी इन शिकायतों की समीक्षा की जाती है।
इसके साथ ही डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों में ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिए विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही बाजारों में सार्वजनिक शौचालय, सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान व्यापारियों द्वारा अन्य मुद्दे भी उठाए गए, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन डिप्टी कमिश्नर द्वारा दिया गया।
इस अवसर पर पंजाब राज्य व्यापार आयोग के सदस्य श्री शीतल जुनेजा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा निवेश को आकर्षित करने और व्यापार-अनुकूल वातावरण को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए ट्रेडर्स कमीशन का गठन कर हल्का, जिला और राज्य स्तर पर तीन-स्तरीय प्रणाली स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य व्यापार आयोग द्वारा व्यापारी वर्ग से संबंधित समस्याओं को जिला प्रशासन के संज्ञान में लाकर उनका समाधान करवाया जा रहा है।
इस मौके पर अतिरिक्त कमिश्नर (जनरल) श्री रोहित गुप्ता, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) श्रीमती परमजीत कौर, अतिरिक्त कमिश्नर नगर निगम अमृतसर श्री जय इंदर सिंह, एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्रीमती अलका कालिया, एस.डी.एम. श्री रजनीश अरोड़ा, एस.डी.एम. श्री अशोक कुमार, एस.डी.एम. जसनप्रीत सिंह, एस.डी.एम. खुशप्रीत सिंह, सहायक कमिश्नर श्रीमती प्रगति सेठी, डी.एफ.एस.सी. श्रीमती हरवीन कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा व्यापार आयोग के सदस्य श्री अभिषेक बंसल, श्री वनीत अनेजा, मनजीत सिंह, संजीव कुमार, रोहित खन्ना और रमेश अवस्थी भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र