चार सालों में मान सरकार ने रंगले पंजाब की स्थापना के लिए सम्पूर्ण क्रांति की दिशा में कदम बढ़ाए

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर/अजनाला, 6 अप्रैल 2026: आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री पंजाब श्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने आज हलके के गांव जट्टां, पंडोरी (रामदास के पास), भोएवाली गांवों तथा ऐतिहासिक नगर रामदास के वार्ड नंबर 5, 7, 8, 10 और 11 में “शानदार चार साल, भगवंत मान के साथ” अभियान के तहत आयोजित संवाद कार्यक्रमों के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए सीधी बातचीत की।
धालीवाल ने इन संवाद कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने पांच साल के बजाय चार साल में ही पंजाबवासियों से किए गए चुनावी वादों को 100 प्रतिशत पूरा करके एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, सिंचाई, खेल मैदान, तालाबों का नवीनीकरण, आम आदमी क्लीनिक, आंगनवाड़ी केंद्र, गलियों-नालियों और सड़कों का अपग्रेडेशन, पंचायत घरों और पंचायत स्थलों का विकास, ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, दलित वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये और सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह सामाजिक सम्मान राशि, 40 लाख परिवारों को “मेरी रसोई” के तहत चीनी, चाय पत्ती, दाल, नमक, तेल जैसी घरेलू वस्तुएं मुफ्त उपलब्ध कराना, लाइब्रेरी निर्माण आदि जैसे जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से चहुंमुखी विकास किया गया है।
उन्होंने कहा कि नशा और गैंगस्टर मुक्त समाज के लिए शांति प्रिय नागरिकों, प्रशासन, पुलिस, ग्रामीण और वार्ड सुरक्षा समितियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और न्यायपालिका की सकारात्मक भूमिका के साथ “रंगला पंजाब” की सम्पूर्ण क्रांति की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
धालीवाल ने पंजाब के लोगों से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और स्वच्छ राजनीति तथा जवाबदेह प्रशासन देने के लिए मान सरकार प्रतिबद्ध है। इसी सम्पूर्ण क्रांति के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में सभी जातियों के समान विकास को सुनिश्चित करने के लिए आज़ादी के बाद पहली बार जाति आधारित सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण 1 अप्रैल से शुरू किया गया है। यह सर्वेक्षण पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और इसके आंकड़ों के आधार पर सभी समुदायों के समान विकास के लिए नीतियां बनाई जाएंगी।
उन्होंने ऐतिहासिक नगर रामदास के विकास का उल्लेख करते हुए बताया कि नगर के मुख्य प्रवेश मार्गों पर लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से गेट और अन्य विकास कार्य निर्माणाधीन हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामदास को अपग्रेड किया जाएगा। रेलवे स्टेशन रामदास का नाम ब्रह्म ज्ञानी बाबा बुढ्ढा साहिब के नाम पर रखने और इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए केंद्रीय रेल मंत्रालय तथा पंजाब से केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के साथ औपचारिक बैठक कर मुद्दा उठाया गया है।
इस अवसर पर हलका शिक्षा कोऑर्डिनेटर एडवोकेट अमनदीप कौर धालीवाल, चेयरमैन बलदेव सिंह बब्बू चेतनपुरा, चेयरमैन प्रिथीपाल सिंह घोनवाला, ब्लॉक प्रधान हरपाल सिंह, अमरीक सिंह, संदीप सिंह सहित अन्य प्रमुख नेता, पंच-सरपंच, काउंसलर, वार्ड इंचार्ज और बड़ी संख्या में वॉलंटियर उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र