कभी घाटे में चल रहा बिजली विभाग पिछले 4 सालों से पंजाब के 90 फीसदी घरों को मुफ्त बिजली देकर भी कमा रहा है मुनाफा: चेयरमैन बराड़

मान सरकार की मुफ्त बिजली सुविधा से 90 फीसदी घरों को आ रहे हैं जीरो बिल

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 9 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा बिजली क्षेत्र में बड़ा संरचनात्मक बदलाव किया गया है। जो विभाग कभी घाटे में चल रहा था, वह अब 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली प्रदान करके भी मुनाफा कमा रहा है।
यह बात पनस्प के चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने कही। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने न केवल 600 यूनिट मुफ्त बिजली देकर अधिकतर परिवारों के लिए जीरो बिजली बिल सुनिश्चित किए हैं, बल्कि पिछली सरकारों द्वारा सार्वजनिक संपत्तियां बेचने की पुरानी प्रवृत्ति को बदलते हुए 540 मेगावाट गोइंदवाल थर्मल पावर प्लांट को खरीदकर बिजली उपलब्धता में महत्वपूर्ण सुधार किया है।
चेयरमैन बराड़ ने कहा कि वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं सहित अन्य श्रेणियों के लिए टैरिफ कम किए गए हैं, किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है और नए सबस्टेशनों व ट्रांसफार्मरों के जरिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बिजली क्षेत्र में 9593 युवाओं को रोजगार दिया गया है और 1750 अन्य पदों पर भर्ती जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) द्वारा ए-प्लस रेटिंग हासिल करना और राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिलना, पंजाब को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और लोगों को 24 घंटे मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि मान सरकार ने हर क्षेत्र को सस्ती और निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। पहली बार लोगों को बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के लगातार बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि जब राज्य में मान सरकार ने सत्ता संभाली थी, तब सिंचाई के लिए केवल 22 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग हो रहा था, जो अब बढ़कर 78 प्रतिशत हो गया है और आने वाले धान के सीजन तक इसे 90 प्रतिशत तक बढ़ा दिया जाएगा।
चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने कहा कि पहली बार किसानों को धान के सीजन के दौरान आठ घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति मिली और दिन के समय 95 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की गई। उन्होंने आगे कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है और लगभग 90 प्रतिशत घरों को जीरो बिजली बिल मिल रहे हैं।

Check Also

स्वास्थ्य मंत्री द्वारा “ईट राइट मेले” में मिलेट्स अपनाने की अपील

लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: स्वास्थ्य मंत्री कल्याण केसरी न्यूज़, पटियाला, 9 …