मान सरकार चालू वित्त वर्ष में 40 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण 4600 करोड़ रुपये की लागत से करेगी पूरा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर/अजनाला, 11 अप्रैल 2026: आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व मंत्री पंजाब श्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने आज हलके के सीमावर्ती गांव सिंघोके में 15.88 करोड़ रुपये की लागत से नव-निर्माणाधीन वाया थोबा से दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली 14.80 किलोमीटर लंबी सड़क का नींव पत्थर रखने के अवसर पर ‘शानदार चार साल, भगवंत मान के साथ’ कार्यक्रम को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि विकास की जीवन रेखा मानी जाने वाली हलका अजनाला में करीब 480 किलोमीटर लंबी 255 सड़कों का 194 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेडेशन और नवीनीकरण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक सीमा पर स्थित गांव घोहनिवाला से गुलगढ़ तक 67.59 करोड़ रुपये की लागत से 40 किलोमीटर लंबे धुस्सी बांध पर सड़क निर्माण कार्य शुरू कर सीमावर्ती विकास में ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रावी नदी के धुस्सी बांध पर आजादी के बाद पहली बार सड़क निर्माण का यह अनोखा कार्य है, जिससे निर्माणाधीन 40 किलोमीटर सड़क से जुड़े दर्जनों सीमावर्ती गांवों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों (जो मंडियों तक कृषि उपज पहुंचाते हैं) और सीमा सुरक्षा बल के जवानों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
धालीवाल ने ‘शानदार चार साल, भगवंत मान के साथ’ जनसंपर्क अभियान के तहत गांव सारंगदेव, डल्ला राजपूतां और अजनाला शहर के वार्ड नंबर 1, 4 और 7 में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अजनाला शहर से निकलने वाली और पिछली कांग्रेस, अकाली तथा भाजपा सरकारों के कार्यकाल में करीब 15 वर्षों से नवीनीकरण की प्रतीक्षा कर रही अमृतसर, चोगावां, फतेहगढ़ चूड़ियां और डेरा बाबा नानक मार्ग जैसी प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य पूरे कर मान सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में इतिहास रचा है।
उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2025 के अंत तक पहले चरण में 2872 करोड़ रुपये की लागत से 19 हजार किलोमीटर लिंक सड़कों को 10 फीट से बढ़ाकर 18 फीट चौड़ा करने का कार्य पूरा किया गया है। जबकि दूसरे चरण में चालू वित्त वर्ष के दौरान 40 हजार किलोमीटर ग्रामीण लिंक सड़कों का निर्माण 4600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरा किया जाएगा।
धालीवाल ने स्पष्ट किया कि हलके में बुनियादी विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान विशेष रुचि लेकर उदारतापूर्वक ग्रांट जारी कर रहे हैं। इन ग्रांटों के तहत 20 करोड़ रुपये की लागत से सरकारी स्कूलों में आधुनिक कक्षाएं, शौचालय, प्रयोगशालाएं आदि विकसित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों में निजी स्कूलों के मुकाबले हीन भावना खत्म हुई है और उनमें समानता की भावना विकसित हुई है।
इस मौके पर खुशपाल सिंह धालीवाल, एडवोकेट अमनदीप कौर धालीवाल, पीए मुख्तार सिंह, एसडीओ इंजीनियर राहुल कुमार, अजनाला शहरी प्रधान अमित औल, नगर पंचायत प्रधान जसपाल सिंह ढिल्लों, ब्लॉक प्रधान देविंदर सिंह सोनू, ब्लॉक इंचार्ज रघुदेव सारंगदेव, चेयरमैन प्रीतपाल सिंह घोहनिवाला, प्रगट सिंह सहित अन्य कई नेता और सैकड़ों वॉलंटियर उपस्थित रहे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र