अमृतसर के भिंडी सैदां पुलिस थाने पर ग्रेनेड हमले के पीछे पाक-आईएसआई का हाथ, दो पिस्तौल सहित छह गिरफ्तार

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 13 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर देहाती पुलिस ने जिला पुलिस फरीदकोट और काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर के साथ संयुक्त ऑपरेशन में दो पिस्तौल सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना भिंडी सैदां में हुए ग्रेनेड हमले के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव चक्क डोगरा निवासी बलजीत सिंह, छोटा फतेहवाल निवासी प्रभ सिंह, बाबा गाम चक्क बल्लरवाल निवासी राजबीर सिंह, ठट्टा राजपूतां निवासी सुखप्रीत सिंह, लोपोके निवासी अजैदीप सिंह उर्फ अजे उर्फ गजनी और सारंगदेव निवासी साहिब सिंह उर्फ साबा के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की आईएसआई का समर्थन प्राप्त था। उन्होंने कहा कि उक्त आरोपी पाकिस्तान आधारित हैंडलर के संपर्क में थे, जो विदेश से इस मॉड्यूल को संचालित कर रहा था। उक्त हैंडलर अपने गुर्गों को पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश देता था।
डीजीपी ने बताया कि पुलिस संस्थानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से इस मॉड्यूल को पूरी तरह कट्टरपंथी बनाया गया था और घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों को मोटी रकम का लालच देकर प्रेरित किया जाता था।


डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीआईजी) बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी बलजीत सिंह और प्रभ सिंह ने घरिंडा के पास एक स्थान से दो हैंड ग्रेनेड हासिल किए थे। जांच में यह भी सामने आया कि घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों को बड़ी राशि देने का वादा किया गया था, लेकिन हमले के बाद पाकिस्तानी हैंडलर द्वारा उन्हें बहुत कम पैसे दिए गए।
कार्रवाई संबंधी विवरण साझा करते हुए सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) फरीदकोट डॉ. प्रग्या जैन ने बताया कि अमृतसर देहाती पुलिस के साथ एक खुफिया अभियान में पुलिस टीमों ने भिंडी सैदां ग्रेनेड हमले के मामले में शामिल दो आरोपियों को फरीदकोट से गिरफ्तार किया था। इसके बाद आगे की जांच के दौरान चार अन्य आरोपियों को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया।
अधिक जानकारी देते हुए सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) अमृतसर देहाती सुहेल कासिम मीर ने बताया कि घटना वाले दिन तीन आरोपी—बलजीत सिंह, प्रभ सिंह और राजबीर सिंह—एक मोटरसाइकिल पर पुलिस स्टेशन भिंडी सैदां की ओर गए। उन्होंने अपना मोटरसाइकिल थाने से लगभग 1-2 किलोमीटर दूर नजदीकी खेतों में खड़ा किया और पैदल चलते हुए थाने के पीछे पहुंचे।
उन्होंने आगे बताया कि आरोपी बलजीत सिंह और प्रभ सिंह ने पुलिस थाने पर ग्रेनेड फेंके, जबकि आरोपी राजबीर सिंह ने पूरी घटना की रिकॉर्डिंग की। हमले के बाद आरोपी लगभग तीन से चार घंटे तक खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में छिपे रहे।
एसएसपी ने आगे बताया कि इसके बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए पुलिस थाने से लगभग एक किलोमीटर दूर एक नाले में अपने कपड़े फेंक दिए और सुबह करीब 5 बजे अपना मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं 3, 4 और 5; गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धाराएं 13, 16, 18 और 19; भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 109, 61(1), 61(2), 3(5) और 324(4); तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत थाना भिंडी सैदां में एफआईआर नंबर 56 दिनांक 30.03.2026 दर्ज की गई है।

Check Also

यादों की बारात म्यूजिकल कंसर्ट में आशा भोंसले को दी श्रद्धांजलि: कई कलाकारों ने दीं शानदार प्रस्तुतियां

कल्याण केसरी न्यूज़, चण्डीगढ़, 14 अप्रैल 2026: टैगोर में आयोजित यादों की बारात म्यूजिकल कंसर्ट …