कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु निवासियों को दी बड़ी सौगात

विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 3 करोड़ रुपये की ग्रांट के स्वीकृति पत्र वितरित

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु/अमृतसर, 15 अप्रैल 2026: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री एवं जंडियाला गुरु के विधायक श्री हरभजन सिंह ईटीओ ने आज जंडियाला गुरु क्षेत्र के निवासियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 3 करोड़ रुपये की ग्रांट के स्वीकृति पत्र वितरित किए।
सबसे पहले “रंगला पंजाब” योजना के अंतर्गत हल्का जंडियाला गुरु के 39 गांवों को लगभग 2.30 करोड़ रुपये की विशेष ग्रांट प्रदान की गई। इसके अलावा विवेकाधीन निधि के तहत 15 गांवों को 40.50 लाख रुपये तथा नगर परिषद जंडियाला गुरु के लिए लगभग 20 लाख रुपये की ग्रांट जारी की गई।
इसके साथ ही “मेरा घर, मेरे नाम” योजना के तहत 107 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त लगभग 65 गांवों के 386 लाभार्थियों को कच्चे मकानों हेतु ग्रांट के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कैबिनेट मंत्री द्वारा 24,638 डीएफएससी राशन कार्ड भी जारी किए गए।
इस अवसर पर एक बड़े जनसमूह को संबोधित करते हुए हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ये ग्रांट्स लाभार्थियों के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि “मेरा घर, मेरे नाम” योजना लाल लकीर के अंदर रहने वाले लोगों को संपत्ति का कानूनी अधिकार देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना के तहत ग्रामीणों को अपनी संपत्ति पर वैध मालिकाना हक प्राप्त होगा। पहले लोग केवल कब्जे के आधार पर अपने घरों में रहते थे और उनके पास कोई कानूनी दस्तावेज नहीं होता था, लेकिन अब सरकार द्वारा सर्वे और मैपिंग के माध्यम से उन्हें मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह योजना पंजाब के लगभग 12,700 गांवों में लागू की जा रही है और यह ग्रामीणों के लिए एक बड़ा सुधारात्मक कदम है। इससे लोगों को अपने घरों की पक्की मालिकी मिलेगी और वे अपने मकानों के आधार पर बैंक से ऋण भी ले सकेंगे, जिससे ग्रामीण विकास और आर्थिक मजबूती को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मान सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Check Also

1.90 करोड़ की लागत से सड़क और सीवरेज का काम पूरा होने पर इलाकावासियों ने कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत को किया सम्मानित

विकास कार्यों के लिए फंडों की कोई कमी नहीं: मोहिंदर भगत कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, …