धालीवाल ने अजनाला हलके में 1.15 करोड़ रुपये की लागत वाली लिंक सड़कों के रखे नींव पत्थर
पंजाब वासी 2027 के विधानसभा चुनावों में मान सरकार के पक्ष में निर्णायक जनादेश देने के लिए उत्सुक: धालीवाल

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर/अजनाला, 3 सितंबर 2026: आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व पंजाब मंत्री स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने आज विधानसभा क्षेत्र अजनाला में चल रहे व्यापक विकास अभियान के तहत विभिन्न गांवों में 1.15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चार लिंक सड़कों के नींव पत्थर रखे।
इन चार सड़क परियोजनाओं की कुल लंबाई 3.17 किलोमीटर है। इनमें गांव पंडोरी सुखा सिंह से अजनाला-चोगावां रोड तक ₹35.69 लाख की लागत वाली सड़क, गांव की फिरनी से श्मशान घाट तक ₹16.73 लाख की लागत वाली सड़क, गांव फत्तेवाल की फिरनी से अड्डा तक ₹27.41 लाख की लागत वाली सड़क तथा आबादी बाबा गम चुक साहिब से छन्ना तक ₹35.18 लाख की लागत वाली सड़क शामिल है।
इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए स. धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में बेहतर सड़कें, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को अपने गांवों के नजदीक ही बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और गांवों से शहरों की ओर होने वाले मजबूरी के पलायन पर काफी हद तक रोक लगी है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीण एवं शहरी विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जा रही तथा स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों को आत्मनिर्भर और मॉडल गांवों के रूप में विकसित करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
स. धालीवाल ने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गांवों में मॉडल खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आम आदमी क्लीनिक सहित कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों को सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
पंजाबवासियों से राज्य की तरक्की और खुशहाली के लिए मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार के हाथ मजबूत करने की अपील करते हुए स. धालीवाल ने कहा कि सरकार द्वारा करवाए जा रहे विकास एवं जनकल्याण कार्यों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग 2027 के विधानसभा चुनावों में सरकार के पक्ष में निर्णायक जनादेश देने के लिए उत्सुक हैं।
इस अवसर पर पंचों-सरपंचों, गांवों के गणमान्य व्यक्तियों, पार्टी स्वयंसेवकों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र