
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 3 सितंबर 2026: पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधियों (PRIs) के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं संबंधी जानकारी साझा करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने में निर्वाचित प्रतिनिधियों की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर बाबा बकाला साहिब के विधायक स. दलवीर सिंह टोंग, अमृतसर केंद्रीय के विधायक श्री अजय गुप्ता, अमृतसर पश्चिम के विधायक स. जसबीर सिंह संधू, सोनिया मान, जिला परिषद अमृतसर के चेयरमैन स. सरबजीत सिंह बल्ल तथा अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) श्री सुरिंदर सिंह सहित विभिन्न पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यशाला के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) श्री सुरिंदर सिंह ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब इनका लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जागरूक करें।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों संबंधी भी जानकारी दी गई। निर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से संबंधित मुद्दों और लोगों को पेश आ रही समस्याओं को भी अधिकारियों के ध्यान में लाया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों को सरकारी योजनाओं के बारे में आवश्यक जानकारी प्रदान कर उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए सक्षम बनाना रहा।
इस अवसर पर डीडीपीओ स. प्रीत महिंदर सिंह सहोता, रेखा शर्मा, सुरभि भाटिया तथा लेबर वेलफेयर बोर्ड के सदस्य स. हरप्रीत सिंह अलूवालिया सहित अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र