गिरफ्तार किए गए आरोपी सोशल मीडिया एप्लिकेशनों के द्वारा विदेशी तस्करों के संपर्क में थे: डीजीपी गौरव यादव
गिरफ्तार व्यक्तियों में से एक आपराधिक पृष्ठभूमि वाला आरोपी और दूसरा छह महीने पहले दुबई से वापस आया : सीपी अमृतसर हरमनबीर गिल

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़ / अमृतसर, 3 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए छेड़ी गई मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो व्यक्तियों को .30 बोर की आठ अवैध पिस्तौलों और 103 जिंदा कारतूसों समेत गिरफ्तार कर अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ जीता (24) निवासी गांव बैंका, तरन तारन और गुरबीर सिंह उर्फ गोरा (32) निवासी गांव तारा सिंह, तरन तारन के रूप में हुई है। आरोपी रणजीत उर्फ जीता आपराधिक पृष्ठभूमि वाला आरोपी है और उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उक्त आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया एप्लिकेशनों के माध्यम से विदेशी तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अवैध विदेशी हथियारों की खेपें प्राप्त करके राज्य में आपराधिक तत्वों को आपूर्ति कर रहे थे।
डीजीपी ने बताया कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने और अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए, पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने गुरुद्वारा बोहड़ी साहिब रोड के पास नाका लगाया और रणजीत सिंह उर्फ जीता को एक .30 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूसों समेत गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आगे की जांच के दौरान, उसके कब्जे से चार अन्य .30 बोर पिस्तौलें और 100 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
सीपी ने बताया कि रणजीत उर्फ जीता से की गई पूछताछ के दौरान, उसके साथी की पहचान गुरबीर उर्फ गोरा के रूप में हुई और पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके कब्जे से तीन .30 बोर पिस्तौलें बरामद कीं। जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी गुरबीर उर्फ गोरा लगभग छह महीने पहले दुबई से वापस आया था।
इस संबंध में, एफआईआर संख्या 264 दिनांक 30.08.2026 को शस्त्र अधिनियम की धारा 25 (6,7,8) के तहत अमृतसर कमिश्नरेट के पुलिस स्टेशन इस्लामाबाद में दर्ज की गई है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र