
कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 4 सितंबर 2026: देश की रक्षा के लिए डटे सैनिकों की जिंदगी सिर्फ बंदूक, युद्ध और चौकसी तक सीमित नहीं होती। उनके पीछे एक परिवार, बच्चे, रिश्ते और भावनाएं भी होती हैं। इसी मानवीय पक्ष को केंद्र में रखते हुए तैयार किया गया नाटक ‘युद्ध से अमन की ओर’। इसका मंचन रविवार को सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में हुआ। राजू वैद राज द्वारा लिखित इस नाटक का निर्देशन राजेश कुमार ने किया। जबकि इसे मंच पर उतारा समर्पण थिएटर ग्रुप के कलाकारों ने।
नाटक की कहानी की एक खास बात यह भी रही कि इसके माध्यम से एक सवाल यह भी उठाया गया कि क्या युद्ध वास्तव में किसी समस्या का समाधान है या फिर अपने आप में एक बड़ी समस्या। नाटक की कहानी में यह दिखाया गया कि आम लोग जब अपने घरों में आराम से सोते हैं, उस समय सीमा पर जवान जागकर देश की सुरक्षा करते हैं।
ऊंचाई वाले इलाकों में तैनाती के दौरान खाने-पीने से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक कई तरह की चुनौतियों का सामना सैनिकों को करना पड़ता है, लेकिन वह जिम्मेदारी निभाने से पीछे नहीं हटते। कहानी में मोड़ तब आता है जब चौकी पर हमला होता है। इसके बाद भारतीय सैनिक अपने साथियों को सुरक्षित निकालने के लिए आगे बढ़ते हैं और एक दुश्मन को हिरासत में लेकर आते हैं। यहां से कहानी युद्ध से निकलकर इंसानी रिश्तों की तरफ बढ़ती है।
नाटक का सबसे भावुक पल दुश्मन और उसके आठ साल के बेटे की कहानी से जुड़ा रहा। वह अपने बच्चे को याद करता है, जिसे वह घर छोड़कर आया था। उसके मन में यही चिंता रहती है कि वह अपने बेटे को दोबारा देख पाएगा या नहीं। आखिर में इस युद्ध में भारत की जीत होती है, लेकिन जीत के साथ शहादत की कीमत भी सामने आती है।
बताते हैं कि इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर एस. सतनाम सिंह संधू मुख्य मेहमान के रूप में पहुंचे। वहीं चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी की चेयरपर्सन सुखविंदर कौर बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मौजूद रहीं।
नाटक की टीम
इस नाटक में अभिनय किया राजीव, राजू वैद राज, जसवीर जस्सी, अर्शी बैस, रिक जैन, हार्दिक, मिथलेश, अनमोल सहित अन्य कलाकारों ने। जबकि संगीत तैयार किया संगीत परम चंदेल ने।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र