लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की की अपील

कल्याण केसरी न्यूज़, नकोदर (जालंधर ), 4 सितंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत आज हलका विधायक इंदरजीत कौर मान ने नकोदर शहर में सफाई अभियान का जायजा लिया।
सफाई कार्यों का जायजा लेते हुए विधायक इंदरजीत कौर मान ने कहा कि इस अभियान का उदेश्य शहर और आस-पास के क्षेत्रों को कूड़े से मुक्त करना तथा लोगों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए इस मिशन का लक्ष्य खुले में कूड़ा फेंकने वाली जगहों की पहचान करके उन्हें खत्म करना और दोबारा बनने से रोकना है, ताकि प्रदेश के लोगों को पर्यावरण की दृष्टि से बेहतर और स्वस्थ माहौल प्रदान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि साफ-सुथरे शहर और गांव सिर्फ सरकार या प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि हम सभी के सहयोग से ही संभव हो सकते है। शहरवासियों को पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश को साफ-सुथरा बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी के बिना कोई भी जन अभियान सफल नहीं हो सकता, इसलिए शहर को सफाई के मामले में अग्रणी बनाने के लिए आम लोगों को सफाई गतिविधियों में हिस्सा लेना चाहिए।
विधायक इंदरजीत कौर मान ने लोगों को प्रेरित करते हुए गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करने, कूड़ा इधर-उधर न फेंककर सिर्फ निर्धारित कूड़ेदान में ही डालने, अपने घरों और दुकानों के आस-पास सफाई बनाए रखने तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से परहेज करने की अपील भी की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों द्वारा की जा रही मेहनत की सराहना की।
इस मौके पर नगर काउंसिल प्रधान प्रदीप सिंह, विभिन्न वार्डों के काउंसलर और सफाई कर्मचारी भी मौजूद थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र