6 सितंबर को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगेगें बीएलओ कैंप, 12 सितंबर तक दाखिल किए जा सकते हैं दावे-आपत्तियां

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 सितंबर 2026: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 12 सितंबर 2026 तक दाखिल की जा सकती हैं। अतिरिक्त उपायुक्त पल्लवी मिश्रा, आईएएस ने बताया कि इसके लिए 6 सितंबर, रविवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
इन कैंपों में नए मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने, नाम या विवरण में संशोधन तथा अन्य दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय के दौरान अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें।
प्रशासन के अनुसार, फॉर्म-6 भरने वाले प्रत्येक आवेदक के लिए घोषणा पत्र (Declaration Form) भरना अनिवार्य है। इसमें आवेदक अथवा उसके माता-पिता/दादा-दादी का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से संबंधित विवरण दर्ज करना होगा।
यदि विवरण वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैप हो जाता है, तो आवेदक को जन्म तिथि और निवास का एक-एक प्रमाण देना होगा। जन्म तिथि के लिए जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं/12वीं का प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट मान्य हैं। निवास के लिए पासपोर्ट, बैंक/डाकघर पासबुक, बिजली-पानी-गैस बिल अथवा स्थायी निवास प्रमाण पत्र स्वीकार किया जाएगा।
नो-मैपिंग की स्थिति में जन्म तिथि के अनुसार आवेदक तथा आवश्यकतानुसार माता-पिता के निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से समय सीमा से पहले दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अपील की है।

Check Also

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले 7 सितंबर से होंगे शुरू

14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी ले सकते हैं भाग, …