विधायक जसविंदर सिंह रमदास ने अटारी विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में नए खेल मैदानों का किया उद्घाटन

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 सितंबर 2026: विधानसभा क्षेत्र अटारी के विधायक श्री जसविंदर सिंह रमदास ने आज क्षेत्र के गांव घरिंडा, काउंके और खासा में लाखों रुपये की लागत से तैयार किए गए नए खेल मैदानों/स्टेडियमों का उद्घाटन कर इन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। गांव घरिंडा में 27 लाख रुपये, गांव काउंके में 25 लाख रुपये और गांव खासा में 17 लाख रुपये की लागत से ये खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक श्री जसविंदर सिंह रमदास ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में आधुनिक खेल मैदान और स्टेडियम विकसित करने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपने ही गांवों में खेलों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में प्रदेश के 3000 से अधिक गांवों में खेल मैदान और स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। इन खेलों ने गांव स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान किए हैं।
विधायक ने युवाओं से अपील की कि वे नवनिर्मित खेल मैदानों का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए खेलों से जुड़ें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना पैदा करने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से मेहनत और लगन के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने माता-पिता, गांव, पंजाब और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
इस अवसर पर बी.डी.पी.ओ. अटारी श्री अमनदीप शर्मा, एस.डी.ओ. पंचायती राज श्री बिक्रमजीत सिंह, समिति चेयरमैन श्रीमती सुखविंदर कौर पत्नी श्री कंवलजीत सिंह मोनू, वाइस चेयरमैन श्री बलविंदर सिंह, सरपंच श्री सतनाम सिंह, सरपंच श्री गुरजीत सिंह, सरपंच श्री हरपाल सिंह राणा काउंके, ब्लॉक प्रधान श्री सतविंदर सिंह, श्री नरेंद्र शर्मा, सरपंच श्री महावीर सिंह, श्री गुरमेज सिंह, श्री रुपिंदरजीत सिंह राणा के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Check Also

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले 7 सितंबर से होंगे शुरू

14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी ले सकते हैं भाग, …