नए पंजाब कांग्रेस प्रभारी को जन्मदिन व नई जिम्मेदारी की दी शुभकामनाएं, 2027 में कांग्रेस की जीत को लेकर हुई चर्चा
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 7 सितंबर 2026: पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी बनाए जाने के बाद राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट से आज अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला ने मुलाकात की। इस दौरान सांसद औजला ने सचिन पायलट को उनके जन्मदिन की फूलों के गुलदस्ते के साथ बधाई दी और पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, कांग्रेस संगठन की मजबूती और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि सचिन पायलट एक युवा, ऊर्जावान और अनुभवी नेता हैं। उनके लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव का लाभ पंजाब कांग्रेस को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पायलट के नेतृत्व और मार्गदर्शन में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा तथा युवाओं को बड़ी संख्या में कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। औजला ने कहा कि मुलाकात के दौरान वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी और पंजाब में मजबूती के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में नए प्रभारी की नियुक्ति को लेकर उत्साह है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी सचिन पायलट की नियुक्ति का स्वागत किया है। पार्टी नेतृत्व एकजुट होकर आगामी चुनावों की तैयारियों को आगे बढ़ाएगा। सांसद औजला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आगामी पंजाब दौरे को लेकर भी चर्चा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की सूची तैयार की जा रही है, जिसे जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। राहुल गांधी के पंजाब दौरे, सचिन पायलट के संगठनात्मक अनुभव और पार्टी नेताओं की एकजुटता से कांग्रेस की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को नई गति मिलेगी। औजला ने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनता की आवाज बनकर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। पार्टी आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करते हुए 2027 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करेगी।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
