वार्डबंदी का ड्रा निकलते ही चुनावी ताल ठोकने लगे दावेदार

वार्ड 5 और 6 जरनल होने पर भाजपा नेता राजेश पहलवान ने समर्थकों संग बांटे लड्डू, मंदिरों में माथा टेककर चुनावी मैदान में उतरने का किया ऐलान

कल्याण केसरी न्यूज़, मनीमाजरा, 15 सितंबर 2026: नगर निगम चुनाव के लिए वार्डबंदी का ड्रा निकलने के साथ ही मनीमाजरा में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वार्ड नंबर 5 और 6 के जरनल घोषित होने के बाद इन वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेताओं ने अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। भाजपा नेता राजेश पहलवान ने भी वार्ड से चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए अपनी दावेदारी सार्वजनिक कर दी है।
वार्ड सामान्य होने की घोषणा के बाद राजेश पहलवान के समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और खुशी में लड्डू बांटे। इसके बाद राजेश पहलवान ने मनीमाजरा के विभिन्न मंदिरों में माथा टेका। बाद में वह माता मनसा देवी मंदिर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना कर चुनावी मैदान में उतरने का संकल्प लिया। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
वार्डबंदी के बाद मनीमाजरा की राजनीति में संभावित उम्मीदवारों के बीच मुकाबले की तस्वीर भी धीरे-धीरे साफ होने लगी है। वार्ड नंबर 5 और 6 लंबे समय से मनीमाजरा की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जाते हैं। दोनों वार्ड सामान्य होने से ऐसे कई नेताओं के लिए भी चुनाव लड़ने का रास्ता खुल गया है, जो लंबे समय से अपनी राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे थे।
इन वार्डों से पहले पार्षद रह चुके गुरचरण दास कला और जगतार सिंह जग्गा भी महत्वपूर्ण नाम हैं। दोनों पूर्व पार्षदों की पत्नियां वर्तमान में पार्षद हैं। ऐसे में वार्ड सामान्य होने के बाद उनके परिवारों की ओर से भी दोबारा चुनावी मैदान में उतरने की संभावनाएं बन गई हैं। हालांकि अंतिम तस्वीर राजनीतिक दलों की टिकट घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

पहले ही सामने आ चुकी हैं कई दावेदारियां
वार्डबंदी का ड्रा निकलने से पहले ही कई नेता चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। वार्ड नंबर 5 से पंडित प्रदीप गौतम चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं, जबकि वार्ड नंबर 6 से गुरमीत सिंह राणा भी चुनाव मैदान में उतरने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। अब देखना यह होगा कि भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में से किस पार्टी की ओर से किस दावेदार को टिकट मिलता है। टिकट वितरण के बाद ही वार्ड 5 और 6 में चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। हालांकि शिरोमणि अकाली दल एससी विंग चंडीगढ़ के प्रधान सरजीत सिंह राजा भी मनीमाजरा से चुनाव लड़ना चाहते हैं
राजेश पहलवान के चुनाव लड़ने के ऐलान के मौके पर रघुबीर दहिया, सतपाल ढींगरा, शामलाल, राजिंदर सिंह ठाकुर, सुरेश शर्मा, अजमेर वर्मा, सुमित नरवाल, अजय सिंह, कमला राम, पंडित जी, करीम अनवर, विक्रम यादव, रणदीप समेत अन्य समर्थक मौजूद रहे। आदर्श नगर सेवा समिति और आरडब्ल्यूए (पीडब्ल्यूटी) से जुड़े लोगों ने भी उनका समर्थन किया।
वार्डबंदी स्पष्ट होने के साथ ही अब स्थानीय स्तर पर बैठकों, जनसंपर्क और समर्थकों को लामबंद करने का दौर शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में टिकट की दावेदारी, नेताओं की सक्रियता और राजनीतिक दलों के फैसलों के साथ मनीमाजरा के वार्ड 5 और 6 में चुनावी समीकरण और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है।

Check Also

‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत नगर निगम जालंधर और कमिश्नरेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

विक्रमजीत विक्की के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 15 सितंबर 2026: …