नशा मुक्ति यात्रा ने दूसरे दिन अमृतसर की केन्द्रीय, दक्षिणी व पूर्वी विधानसभा में किया भ्रमण, जनता को किया जागरूक
सलिल कपूर, तरुण चुग, अरविंदर सिंह लवली, श्वेत मलिक आदि सहित दर्जनों नेताओं ने रथ पर सवार होकर किया अभिवादन
यात्रा का समूचे रास्ते समाजिक संगठनों व कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 24 सितंबर 2026: बीजेपी जिलाध्यक्ष सलिल कपूर के नेतृत्व में अमृतसर के पाँच विधानसभा क्षेत्रों में पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘नशा मुक्ति यात्रा’ के दूसरे दिन का आगाज केन्द्रीय विधानसभा के लाहौरी गेट से हुआ, जहाँ केन्द्रीय विधानसभा इंचार्ज डॉ. राम चावला के नेतृत्व में पार्षद विकास गिल सहित दर्जनों नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मिलकर एक जनसभा का आयोजन किया। इस जनसभा को संबोधित करने वालों में आज यात्रा के साथ विशेष रूप से दिल्ली से पहुंचे सांसद तरुण चुग, पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, पूर्व मंत्री व विधायक अरविंदर सिंह लवली, यात्रा के पंजाब इंचार्ज रविकर्ण सिंह काहलों, प्रदेश सचिव व सह-इंचार्ज सूरज भारद्वाज, अनिल वासुदेवा, राकेश गिल, आनंद शर्मा, जिला महासचिव मनीष शर्मा, अनुज सिक्का, संजय शर्मा, गौतम अरोड़ा, मानव तनेजा, परमजीत सिंह बतरा, गोप चंद आदि ने मंच से जनसभा को नशे के दुष्प्रभावों को लेकर संबोधित किया। यात्रा लाहौरी गेट से चलकर लोहगढ़ चौक, हाथी गेट चौक, हॉल गेट चौक, हॉल बाज़ार, कटरा जैमल सिंह से होती हुई केन्द्रीय वाल्मीकि मंदिर पहुँच कर संपन्न हुई। दक्षिणी विधानसभा की यात्रा दक्षिणी विधानसभा इंचार्ज हरजिंदर सिंह ठेकेदार के नेतृत्व में ख़जाना वाला गेट से शुरू होकर हकीमां वाला, भगतां वाला, गिलवाली गेट, चाटीविंड चौक से नाले वाली रोड, सुल्तानविंड रोड से होती हुई 100 फुटी सड़क पर पहुँच कर संपन्न हुई। पूर्वी विधानसभा की यात्रा विधानसभा इंचार्ज डॉ. जगमोहन सिंह राजू तथा जिला उपाध्यक्ष मोहित महाजन के नेतृत्व में 100 फुटी रोड से शुरू होकर मकबूलपुरा चौक, बस स्टैंड, हुसैनपुरा चौक से होती हुई शिवाला भाग भाईयाँ पहुँच कर संपन्न हुई। इस यात्रा के सारे रास्ते समाजिक संगठनों, पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा व जयघोष के नारों के साथ भव्य स्वागत किया। बीजेपी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष व पार्षद गौरव गिल के नेतृत्व में सैकड़ों मोटर-साईकिल सवारों ने यात्रा की अगुवाई की तथा नशा विरोधी पोस्टर, पार्टी के झंडों और तख्तियां हाथों में लेकर समाज को नशा मुक्त करने का संकल्प दोहराया।

अरविंदर सिंह लवली ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि पंजाब आज नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और भाजपा इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। यह महारैली पंजाब को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगी। भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालकर उन्हें रोजगार, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाबियों की सुरक्षा, सुविधा और विकास की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखा है और अब पंजाब को भी उसी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का समय आ गया है।

तरुण चुग ने अपने संबोधन में कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब नशा खत्म करने के बड़े-बड़े वादे करके व जनता को मुर्ख बनाकर सत्ता हासिल की थी, लेकिन भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में नशा कम होने के बजाय बेतहाशा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशा तस्करों को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उल्टे नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि सत्ता में आने के इतने समय बाद भी तस्करों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और पंजाब को नशे की दलदल से बाहर निकालना है।

सलिल कपूर, डॉ. राम चावला, हरजिंदर सिंह ठेकेदार व जगमोहन सिंह राजू ने नशा मुक्त पंजाब बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह यात्रा राज्य के हर कोने में जाकर लोगों को जागरूक करेगी और नशे के खिलाफ एक जन-आंदोलन खड़ा करेगी। इस अवसर पर तीनों विधानसभा में रहने वाले राष्ट्रीय व प्रादेशिक सदस्य, जिला टीम के सदस्य, तीनों विधानसभा के 12 मंडल अध्यक्ष व उनकी टीम के सदस्यों सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता व आम लोग उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र