वार्ड नंबर 35 बूटा पिंड में नशे के विरुद्ध जागरूकता के लिए करवाया गया प्रोग्राम
लोगों ने ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का दिया भरोसा

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 10 अक्टूबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा नशे के खात्मे के लिए शुरू की गई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत शहर के वार्ड नंबर 35, बूटा पिंड में नशों के बुरे प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए ए.डी.सी.पी. सिटी-1 माधवी शर्मा और जिला कोऑर्डिनेटर शैंकी भगत के नेतृत्व में जागरूकता सैमिनार आयोजित किया गया।
इस अवसर पर लोगों से बातचीत करते हुए ए.डी.सी.पी. सिटी-1 माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस विभाग नशों के खात्मे के लिए दृढ़ वचनबद्ध है और पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार गंभीर प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा लोगों को नशों के बुरे प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। ए.डी.सी.पी. ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कोई भी मुहिम लोगों के सक्रिय सहयोग के बिना सफल नहीं हो सकती। उन्होंने लोगों को आह्वान किया कि नशे के खात्मे के लिए शुरू की गई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम को जन आंदोलन बनाने में पूर्ण सहयोग देने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि यदि नशों से संबंधित कोई भी गतिविधि उनके ध्यान में आती है, तो उसके बारे में तुरंत पुलिस विभाग को सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि नशों से संबंधित जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
सैमिनार को संबोधित करते हुए जिला कोऑर्डिनेटर शैंकी भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री, पंजाब श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने लोगों को सरकार और प्रशासन के साथ मिलकर नशों के खिलाफ साझा हमला करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अनेक पहलें शुरू की गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने बच्चों को अधिक से अधिक खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा नशों पर निर्भर लोगों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
सैमिनार के दौरान उपस्थित लोगों ने पंजाब सरकार, प्रशासन और जिला पुलिस द्वारा नशों के खात्मे के लिए किए जा रहे ठोस उपायों की सराहना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए शुरू की गई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र