अमृतसर दक्षिणी क्रिकेट लीग युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम: डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 12 अक्टूबर 2026: अमृतसर दक्षिणी के गांव दबुर्जी में आज विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने बॉक्स्ड क्रिकेट और फुटबॉल स्टेडियम का उद्घाटन किया। रंगला पंजाब विकास योजना के फंड से तैयार किया गया यह स्टेडियम क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के लिए उचित वातावरण और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिलते हैं। ऐसे प्रयास युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम की स्थापना के पीछे गांव दबुर्जी के निवासियों की आपसी भाईचारे और साझी सोच की भावना भी प्रेरणादायक है। गांववासियों ने विभिन्न धर्मों के लोगों के लिए अलग-अलग श्मशानघाट बनाने के बजाय साझा श्मशानघाट की सोच को प्राथमिकता दी और खेल सुविधाओं के लिए जगह उपलब्ध करवाने का प्रयास किया। यह पहल आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव का सुंदर संदेश देती है।
उन्होंने इस पहल में योगदान देने वाले गांववासियों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसी सुविधाएं क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने में सहायक होंगी।
इस अवसर पर अमृतसर दक्षिणी क्रिकेट लीग की जर्सी भी जारी की गई। नवंबर के पहले सप्ताह में पहले टूर्नामेंट की शुरुआत करने की योजना है। इससे क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस स्टेडियम का उद्देश्य स्पष्ट – युवाओं को खेलों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना और अमृतसर दक्षिणी में खेलों के प्रति उत्साह को और अधिक मजबूत करना।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र