अजनाला के 10 गांवों में नए आम आदमी क्लीनिक शुरू

पंजाब में 154 नए क्लीनिक, कुल संख्या 1,245 हुई
लोगों को घरों के नजदीक मुफ्त इलाज, दवाइयों और जांच की सुविधा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 14 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए आज राज्य में 154 नए आम आदमी क्लीनिक लोगों को समर्पित किए गए। इसके साथ ही राज्य में क्लीनिकों की कुल संख्या 1,245 हो गई है। अब तक इन क्लीनिकों के माध्यम से मरीज 6.5 करोड़ से अधिक बार मुफ्त दवाइयों और मेडिकल जांच की सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।
इसी कड़ी के तहत विधानसभा क्षेत्र अजनाला के विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने 10 गांवों में नए आम आदमी क्लीनिक लोगों को समर्पित किए। ये क्लीनिक गांव जगदेव खुर्द, घोनेवाल, सैंहसरा, चक्क डोगरां, सारंग देव, विच्छोआ, माकोवाल, महलां वाला, थोबा और गुरु का बाग में स्थापित किए गए हैं। इनके शुरू होने से निवासियों को घरों के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दे रही है। आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां और आवश्यक मेडिकल जांच उपलब्ध करवाई जा रही हैं। योग्य डॉक्टरों की सेवाओं के कारण लोगों को समय पर इलाज मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों का उद्देश्य केवल इलाज उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करना भी है। इससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए तुरंत परामर्श मिलेगा और गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक कदम समय पर उठाए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि गांवों में क्लीनिकों की स्थापना से प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम होगी और लोगों के समय तथा खर्च की बचत होगी। विधानसभा क्षेत्र अजनाला के 10 गांवों में यह शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए आर्थिक तंगी या दूरी के कारण कठिनाई का सामना न करना पड़े और हर परिवार को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हों।
विधायक ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करके समाज के हर वर्ग तक बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Check Also

डिप्टी कमिश्नर ने ड्रग हॉट स्पॉट्स पर लगातार निगरानी व अधिक चौकसी बरतने के दिए निर्देश

खाली स्थानों पर रोशनी, सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए भी कहा …