खाली स्थानों पर रोशनी, सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए भी कहा

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 14 अक्टूबर 2026: डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत समीक्षा बैठक के दौरान जिले में ड्रग हॉट स्पॉट्स पर लगातार निगरानी रखने तथा अधिक चौकसी बरतने के निर्देश दिए।
आज यहां जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में एस.एस.पी. जालंधर (ग्रामीण) हरविंदर सिंह विर्क सहित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि जिले में ड्रग हॉट स्पॉट क्षेत्रों का दौरा करके नशों की रोकथाम के लिए पूरी मुस्तैदी से काम किया जाए। इस मौके पर डी.सी.पी. आदित्य वारियर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर, नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा कोऑर्डिनेटर अतिन अग्निहोत्री भी मौजूद थे।
डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस अधिकारियों को दवाइयों की दुकानों, खाली इमारतों तथा खाली स्थानों की निगरानी सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि खाली स्थानों पर रोशनी का प्रबंध, सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने के साथ-साथ पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। इसके अलावा दवाइयों की दुकानों की चेकिंग सुनिश्चित करने के साथ-साथ हॉट स्पॉट क्षेत्रों में नशों की रोकथाम के लिए अचानक चेकिंग, सर्च ऑपरेशन तथा पक्के नाके आदि लगाए जाएं।
पंजाब सरकार द्वारा नशों को जड़ से खत्म करने की वचनबद्धता दोहराते हुए डिप्टी कमिश्नर ने नशों के प्रति संवेदनशील स्थानों पर व्यापक जागरूकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ जागरूकता मुहिम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के अलावा स्थानीय एन.जी.ओ. को भी शामिल किया जाए ताकि इस समस्या के खिलाफ घर-घर संदेश पहुंचाया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने लोगों विशेषकर युवाओं की ऊर्जा शक्ति को रचनात्मक दिशा में लगाने के लिए उन्हें अधिक से अधिक खेलों से जोड़ने तथा कौशल प्रशिक्षण प्रदान करके रोजगार के योग्य बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांवों तथा कस्बों में आवश्यकतानुसार खेल मैदान, लाइब्रेरी, ओपन जिम तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास तेज किए जाएं।
इस मौके पर एस.एस.पी. जालंधर (ग्रामीण) हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि ग्रामीण पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है तथा नशों का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ मुहिम को और मजबूती तथा तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
डी.सी.पी. आदित्य वारियर ने कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के बारे में अवगत कराते हुए बताया कि कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशों की रोकथाम के लिए कासो ऑपरेशन चलाने के अलावा नशों के कारोबार से बनी जायदाद को जब्त भी किया गया है। उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस वार्ड डिफेंस कमेटियों के साथ तालमेल करके नशों के खिलाफ जमीनी स्तर पर काम कर रही है।
बैठक में जिला अध्यक्ष नशा मुक्ति मोर्चा (ग्रामीण) अजय भील, जिला अध्यक्ष नशा मुक्ति मोर्चा (शहरी) शैंकी भगत, समस्त एस.डी.एम., डी.एस.पी., विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा समाज सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र