गांव मुहावा में नशे का हॉटस्पॉट बनी खंडहर इमारत को प्रशासन ने ढहाया

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 15 अक्टूबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा लोगों को नशे के खिलाफ लामबंद करने के लिए गांवों और शहरी वार्डों में जागरूकता बैठकें की जा रही हैं। इसी कड़ी के तहत एस.डी.एम. अमृतसर-2 सरदार गुरमंदर सिंह ने एस.पी. (डी) सरदार रमणदीप सिंह और डी.एस.पी. सरदार यादविंदर सिंह के साथ गांव मुहावा, रणीके, अटारी, रणगढ़ तथा अमृतसर के वार्ड नंबर 18, 19 और वेरका में जागरूकता बैठकें कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
बैठकों के दौरान अधिकारियों ने ग्राम रक्षा समितियों और गांववासियों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करें तथा अपने क्षेत्र में नशा बेचने वाले व्यक्तियों के बारे में प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने कहा कि नशे की लत का शिकार व्यक्तियों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए और नशा मुक्ति केंद्रों में उनका इलाज करवाने के लिए सहयोग दिया जाए। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के मरीजों का इलाज मुफ्त किया जाता है।
गांव मुहावा में आयोजित बैठक के दौरान गांववासियों ने अधिकारियों को बताया कि गांव के बाहरी क्षेत्र में स्थित एक खंडहर इमारत में कुछ व्यक्तियों द्वारा छिपकर नशा किया जाता है, जिसके कारण यह स्थान नशे के हॉटस्पॉट के रूप में जाना जाता है। गांववासियों ने इस इमारत को गिराने की मांग की, ताकि इस स्थान पर नशे से जुड़ी गतिविधियों को रोका जा सके। लोगों की मांग पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उक्त खंडहर इमारत को ढहा दिया।
इस अवसर पर एस.डी.एम. सरदार गुरमंदर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान लगातार जारी रखा जाएगा और लोगों के सहयोग से इसे जन आंदोलन बनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन का सहयोग करें।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र