Breaking News

जालंधर में 14 नवंबर से 22 नवंबर, 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी


कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 17 अक्टूबर 2026: अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में योग्य युवाओं की भर्ती के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 14 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक राजकीय कला एवं खेल महावि‌द्यालय (गोर्मेंट आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज), जालंधर में किया जाएगा। इस भर्ती रैली में 6,000 से अधिक अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिन्होंने तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर और शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) जिलों से सामान्य प्रवेश परीक्षा (कॉमेन एंट्रेंस एग्जामिनेशन -सीईई) उत्तीर्ण की है। इस भर्ती रैली में पंजाब, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेश ल‌द्दाख राज्यों की पात्र महिला अभ्यर्थियों की भर्ती भी की जाएगी, जिससे युवा महिलाओं को भारतीय सेना में अपना करियर बनाने और गर्व एवं समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा।
भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और उपयुक्तता का आकलन करने के लिए विभिन्न परीक्षण एवं मूल्यांकन किए जाएंगे। इनमें 1.6 किलोमीटर दौड़, जिसके माध्यम से अभ्यर्थियों की सहनशक्ति एवं शारीरिक क्षमता का परीक्षण किया जाएगा, बीम परीक्षण, जिसके अंतर्गत ऊपरी शरीर की मांसपेशियों की ताकत का आकलन किया जाएगा, तथा शारीरिक मापदंडों के अंतर्गत निर्धारित लंबाई, वजन एवं अन्य शारीरिक मानकों की जांच शामिल होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा, ताकि भारतीय सेना में भर्ती के लिए उनकी चिकित्सकीय योग्यता सुनिश्चित की जा सके।
भर्ती प्रक्रिया निर्धारित भर्ती नीतियों एवं पात्रता मानदंडों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक भर्ती अधिसूचनाओं का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें, निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना सुनिश्चित करें तथा भर्ती रैली में भाग लेने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे दलालों एवं ऐसे असामाजिक तत्वों से सावधान रहें, जो पैसे लेकर भर्ती या चयन का झूठा आश्वासन दे सकते हैं। भारतीय सेना में भर्ती पूरी तरह योग्यता एवं निर्धारित चयन मानदंडों के आधार पर की जाती है। कोई भी व्यक्ति या एजेंट भर्ती में चयन की गारंटी नहीं दे सकता। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे भर्ती में सहायता या चयन का आश्वासन देने वाले किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या पैसों की मांग की सूचना तत्काल भर्ती अधिकारियों को दें। भारतीय सेना सभी पात्र युवाओं, विशेषकर महिला अभ्यर्थियों, को इस अवसर का लाभ उठाने तथा गर्व, सम्मान एवं समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा करने के लिए बड़ी संख्या में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करती है।
उम्मीदवार रैली की दस्तावेज़ीकरण प्रक्रिया के दौरान आवश्यक विभिन्न दस्तावेजों से संबंधित जानकारी के लिए नीचे दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर सकते हैं।

Check Also

‘मेरा घर-मेरा मान’ योजना के तहत कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने गांव रख देवीदासपुर (अमरकोट) में 119 संपत्ति मालिकों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए

स्वामित्व कार्ड संपत्ति के अधिकारों की पहचान और दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध करवाने में सहायक होंगे: …