डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने पराली प्रबंधन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ की बैठक
किसानों से व्यापक जनहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए पराली न जलाने की अपील

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 19 अक्टूबर 2026: डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर धान की पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए किसानों को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिले के अधिकांश क्षेत्रों में धान की कटाई हो चुकी है। उन्होंने कृषि विभाग और पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव जाकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दें तथा इसके उचित प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने सभी एस.डी.एम. को भी निर्देश दिए कि वे गांवों का दौरा कर किसानों से सीधे बातचीत करें और पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की निगरानी सुनिश्चित करें।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने किसानों से अपील की कि वे व्यापक जनहित और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए धान की पराली को बिल्कुल भी आग न लगाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि मशीनरी की सहायता से पराली का निपटान बिना आग लगाए आसानी से वैज्ञानिक तरीके से किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, पराली की गांठें बनाकर उसे बेचा भी जा सकता है। उन्होंने बताया कि पराली का उपयोग पशुओं के लिए सूखे चारे के रूप में भी किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है, भूमि की उपजाऊ शक्ति प्रभावित होती है और खेतों में मौजूद मित्र कीट भी नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली प्रबंधन के लिए उपलब्ध आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाएं। इस संबंध में किसी भी प्रकार की तकनीकी सहायता या जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा, एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्रीमती अलका कालिया, एस.डी.एम. अमृतसर-2 स. गुरमंदर सिंह, एस.डी.एम. लोपोके स. मनबीर सिंह, एस.डी.एम. बाबा बकाला श्री जशनजीत सिंह, एस.डी.एम. अजनाला श्रीमती चारुमिता, सहायक कमिश्नर श्रीमती प्रगति सेठी, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक्सियन श्री अमृतपाल सिंह चहल, एस.डी.ओ. श्री सुखमनी सिंह खैहरा, जिला मंडी अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र