दशहरे की पूर्व संध्या पर हरभजन सिंह ईटीओ ने किया खेल स्टेडियम का उद्घाटन
3.50 करोड़ रुपये की लागत से रिकॉर्ड छह महीने में बनकर तैयार हुआ स्टेडियम

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु, 19 अक्टूबर 2026: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ ने दशहरे की पूर्व संध्या पर जंडियाला गुरु के युवाओं और खिलाड़ियों को नए खेल स्टेडियम का तोहफा देते हुए आज 3.50 करोड़ रुपये की लागत से रिकॉर्ड छह महीने में तैयार किए गए स्टेडियम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष दशहरे के मौके पर उन्होंने जंडियाला गुरु में नया खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। इस वादे को पूरा करने के लिए इस वर्ष मई महीने में स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू किया गया, जिसे छह महीने के रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में राज्य भर में तीन हजार से अधिक खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास करने और अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
स. हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम में पंजाब के नौ खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में पहली बार एशियन हॉकी लीग के मैच आयोजित किए जाने हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के विकास के बारे में बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हलके के निवासियों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हलके में विकास कार्यों में तेजी लाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नए खेल स्टेडियम के निर्माण से जंडियाला गुरु और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जुड़ने के अधिक अवसर मिलेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवा अपनी प्रतिभा को निखारकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र