कांग्रेस वर्किंग प्रधान ने मास्टर जगदीप सिंह के लिए मांगा शहीद का दर्जा
प्रदेश इंचार्ज सचिन पायलट और प्रदेश प्रधान परगट सिंह संग की मास्टर जगदीप सिंह के परिवार से मुलाकात

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 20 अक्टूबर 2026: जंडियाला गुरु में पिछले दिनों सरेआम हुई सरकारी शिक्षक जगदीप सिंह की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने का बीड़ा उठाते हुए कांग्रेस के प्रदेश वर्किंग प्रधान सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला ने आज हाईकमांड के समक्ष मुद्दा उठाया। आज डैनी बंडाला प्रदेश इंचार्ज सचिन पायलट और प्रदेश प्रधान परगट सिंह, सहित समूह लीडरशिप को लेकर मास्टर जगदीप सिंह के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। वहीं इस दौरान डैनी बंडाला ने मास्टर जगदीप के लिए शहीद का दर्जा भी मांगा।
इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने भी परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। गैंगस्टर हावी हैं, कारोबारियों से फिरौती मांगी जा रही है और लोगों को धमकियां मिल रही हैं। नशे और चिट्टे की तस्करी के साथ अवैध हथियारों का कारोबार भी बढ़ रहा है। पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल रहा और गवाहों को धमकाया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय ठोस कार्रवाई करें। कांग्रेस नेताओं का उद्देश्य पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना और पंजाब को भय, नशे तथा अपराध के माहौल से मुक्त कराना है।
प्रदेश प्रधान परगट सिंह ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था, नशे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने भगवंत मान सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहे हैं और गवाहों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने मास्टर जगदीप सिंह की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सभी संदिग्ध मामलों की दोबारा जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशे और हथियारों की तस्करी रोकने में केंद्र व राज्य सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग भी की।
डैनी बंडाला ने कहा कि एक सरकारी शिक्षक की सरेआम हत्या हो जाना पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जगदीप सिंह अपनी बेटी को छोड़ने जा रहे थे, तभी उन्हें निशाना बनाया गया। परिवार अब तक इंसाफ की उम्मीद में है, लेकिन मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करे और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए।
डैनी बंडाला ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में सिर्फ जंडियाला हल्के में ही अब तक 50 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं, जबकि अकेले जंडियाला थाने के क्षेत्र में अब तक करीब 30 हत्याएं दर्ज हुई हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर इस कदर खौफ बढ़ गया है कि अब लोग शाम को घरों से बाहर निकलने में भी घबराते हैं। डैनी बंडाला ने कहा कि अगर ऐसे ही नर्दोष मारे जाते रहे तो कोई भी अन्याय के खिलाफ आवाज नहीं उठाएगा और पंजाब पर गैंगस्टरवाद और भी हावी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मास्टर जगदीप सिंह के लिए वो तब तक आवाज उठाते रहेंगे जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिल जाता वहीं वो विश्वास दिलाते हैं कि कांग्रेस की सरकार आते ही ऐसे अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी ओर ऐसे परिवारों को इंसाफ दिलाया जाएगा जिन्होंने सिर्फ सरकार की नाकामी के कारण अपनों को खो दिया।
वहीं इस दौरान मास्टर जगदीप सिंह के परिवार की ओर से मामले में कुछ रसूखदार लोगों की भूमिका को लेकर संदेह जताया गया है। परिवार के मुताबिक जिस स्कूल में जगदीप सिंह बच्चों को ड्राइंग सिखाते थे वहां स्कूल में कथित तौर पर नशा बेचने वाले कुछ लोगों को रोकने के कारण विवाद पैदा हुआ था। परिवार ने इस मामले में गहरी गांव के सरपंच की भूमिका पर भी संदेह किया है वहीं बताया जा रहा है कि इस मामलें में जिस आरोपी पर मामला दर्ज हुआ है वह भी पंजाब सरकार के एक मंत्री के पीए का रिश्तेदार है जिसके कारण ही मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की गंभीरता से जांच करने, आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी, पीपीसीसी के वर्किंग प्रधान डॉक्टर राज कुमार, पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी, पूर्व विधायक इंदरबीर सिंह बुलारिया, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अश्वनी पप्पू, पूर्व विधायक संतोख सिंह भलाईपुर और पूर्व विधायक सुनील दत्ती, , पार्षद राज कंवल प्रीत पाल सिंह लक्की सहित अन्य नेता मौजूद रहेंगे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र