हीरो मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के प्रचार के लिए अमृतसर में 22 अक्टूबर को होगा हॉकी का शो मैच

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 21 अक्टूबर 2026: पंजाब में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट हीरो मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के व्यापक प्रचार और लोगों को इस टूर्नामेंट से जोड़ने के उद्देश्य से खेल विभाग, पंजाब के निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी जिलों में ट्रॉफी टूर आयोजित किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पलवी मिश्रा, आईएएस ने बताया कि जिला अमृतसर में यह ट्रॉफी 22 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे जिला तरनतारन के गांव चब्बा में बाबा नौध सिंह जी की समाधि से प्राप्त की जाएगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे इस ट्रॉफी को जिला अमृतसर से जिला गुरदासपुर के लिए रवाना किया जाएगा।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्रीमती पलवी मिश्रा ने ट्रॉफी टूर को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए आज विभिन्न संबंधित विभागों के प्रमुखों के साथ विशेष बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को ट्रॉफी टूर के स्वागत, व्यवस्थाओं और पूरे कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया कि 22 अक्टूबर को अमृतसर में ट्रॉफी के स्वागत के अवसर पर खेल विभाग द्वारा स्कूल ऑफ एमिनेंस, छेहरटा में दोपहर 3:00 बजे हॉकी के शो मैच का आयोजन किया जा रहा है। इस शो मैच को देखने के लिए ओलंपियन, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों सहित लगभग 200 खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इस ट्रॉफी टूर का मुख्य उद्देश्य हीरो मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के प्रति लोगों में उत्साह पैदा करना, हॉकी के खेल को बढ़ावा देना और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है।

Check Also

पुलिस स्मृति दिवस पीएपी मुख्यालय में मनाया गया, डीजीपी गौरव यादव ने पुलिस शहीदों को दी श्रद्धांजलि

पंजाब पुलिस देश की अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध; 1,804 पुलिस कर्मियों का बलिदान …