अमृतसर में तीन नाबालिगों समेत 7 व्यक्ति गिरफ्तार, एक हैंड ग्रेनेड, 2 पिस्तौल और 3.4 किलो हेरोइन बरामद

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 21 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर देहाती पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन नाबालिगों समेत सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, दो .30 बोर पिस्तौल, 29 जिंदा कारतूस और 3.4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इस कार्रवाई के साथ ही नशीले पदार्थों, हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।
पहली कार्रवाई में गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अजय (28), निवासी मुड्ढ खोखर, और रॉबिन मसीह उर्फ नोनी (22), निवासी सुल्तानविंड, के रूप में हुई है। दूसरी कार्रवाई में तीन 17 वर्षीय नाबालिगों के साथ गुरलाल सिंह (20) और रशपाल सिंह (18), दोनों निवासी लोपोके, को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, पुलिस टीमों ने उनका बिना रजिस्ट्रेशन वाला एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के इशारे पर हथियारों की तस्करी करके आगे सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

पहली कार्रवाई: 3.4 किलो हेरोइन और पिस्तौल बरामद
पहली कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अमृतसर देहाती पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि अजय नामक संदिग्ध व्यक्ति विदेशी गैंगस्टरों के निर्देश पर सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर चुका है, जिसे आगे सप्लाई किया जाना था।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहाती पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ समन्वय करके मानावाला क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की। इस दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर जा रहे अजय और उसके साथी रॉबिन मसीह को काबू कर लिया गया।
उन्होंने आगे बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे अजय के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर लगभग 3.4 किलोग्राम हेरोइन और एक .30 बोर पिस्तौल के साथ 19 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

दूसरी कार्रवाई: हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि दशहरे के त्योहार के अवसर पर गश्त के दौरान सीआईए और थाना लोपोके के एसएचओ की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि सीमा पार से तस्करी करने वाला एक व्यक्ति स्थानीय युवाओं के माध्यम से हथियारों और विस्फोटकों की खेप भेज रहा है।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच के दौरान इस समूह को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

आरोपी अजय के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
अमृतसर देहाती के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि आरोपी अजय नशे का आदी है और एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत चार मामले और शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है।

दो अलग-अलग मामले दर्ज
इस संबंध में पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं:
एफआईआर नंबर 204, दिनांक 19 अक्टूबर 2026: थाना छेहरटा/चाटीविंड में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर नंबर 334, दिनांक 20 अक्टूबर 2026: थाना लोपोके में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने तथा पूरे नेटवर्क के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

Check Also

पुलिस स्मृति दिवस पीएपी मुख्यालय में मनाया गया, डीजीपी गौरव यादव ने पुलिस शहीदों को दी श्रद्धांजलि

पंजाब पुलिस देश की अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध; 1,804 पुलिस कर्मियों का बलिदान …