विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनज़र संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान के संबंध में बैठक आयोजित

डिप्टी कमिश्नर ने चुनावों के दौरान सुरक्षा प्रबंधों की अग्रिम तैयारी तथा प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर दिया जोर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 22 अक्टूबर 2026: आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला अमृतसर के संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों तथा मतदान केंद्र स्थलों की पहचान और समीक्षा के संबंध में डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी श्री दलविंदरजीत सिंह की अध्यक्षता में जिला प्रशासनिक परिसर, अमृतसर में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अमृतसर ग्रामीण श्री कंवलजीत सिंह चाहल के अलावा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ई.आर.ओ.), डी.एस.पी. तथा ए.सी.पी. शामिल हुए। इस दौरान चुनावों को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने, कानून-व्यवस्था से संबंधित संभावित चुनौतियों की समीक्षा करने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की अग्रिम योजना बनाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों की सटीक और विस्तृत पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों की स्थिति और स्थानीय परिस्थितियों का उचित आकलन करना चुनावों के दौरान प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे संभावित चुनौतियों की समय रहते पहचान कर उचित निवारक कदम उठाए जा सकेंगे।
उन्होंने चुनाव एवं पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों और स्थलों का जमीनी स्तर पर विस्तृत निरीक्षण करने तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तथ्यों पर आधारित रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनावों की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच निरंतर समन्वय तथा प्रभावी सूचना आदान-प्रदान बनाए रखने पर भी जोर दिया।
श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध अग्रिम रूप से सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Check Also

अमृतसर में नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार व्यक्ति 10 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के इशारे पर कर रहे थे काम: …