ओलंपियनों और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों की उपस्थिति में स्कूल ऑफ एमिनेंस, छेहरटा में आयोजित किया गया हॉकी का शो मैच
27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पहली बार पंजाब में आयोजित होगी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 22 अक्टूबर 2026: पंजाब में पहली बार आयोजित की जा रही प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026’ के ट्रॉफी टूर के आज गुरु नगरी अमृतसर पहुंचने पर खेल विभाग की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला खेल विभाग द्वारा स्कूल ऑफ एमिनेंस, छेहरटा में हॉकी का शो मैच आयोजित किया गया, जिसमें ओलंपियनों, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों और अन्य प्रमुख हस्तियों ने शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह (अर्जुन पुरस्कार विजेता) शामिल हुए। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. की धर्मपत्नी श्रीमती सुहिंदर कौर, ओलंपियन डी.सी.पी. जुगराज सिंह, ओलंपियन रमनदीप सिंह, ओलंपियन गुरजीत कौर, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सरदार विक्रमजीत सिंह काका, सरदार अजिंदरपाल सिंह और मिस कुलदीप कौर (भारतीय रेलवे), सरदार अजीत पाल सिंह (पंजाब एंड सिंध बैंक), सरदार जगदेव सिंह (गुरु नानक देव विश्वविद्यालय), सरदार गुरमीत सिंह मीता, सचिव हॉकी एसोसिएशन जिला तरनतारन, तथा सरदार सुखदेव सिंह (भारतीय वायु सेना) सहित अन्य खेल हस्तियां उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह ने पंजाब में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी को गर्व की बात बताते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को हॉकी से जुड़ने और खेलों में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

श्रीमती सुहिंदर कौर ने कहा कि पंजाब की धरती महान हॉकी खिलाड़ियों की जन्मभूमि रही है और इस तरह की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं राज्य की खेल विरासत को और मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी टूर युवाओं में हॉकी के प्रति उत्साह पैदा करने और खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डी.सी.पी. ओलंपियन जुगराज सिंह और ओलंपियन रमनदीप सिंह ने भी खिलाड़ियों को हॉकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय हॉकी देखने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा।
शो मैच में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को उपस्थित अतिथियों द्वारा पदक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह और श्रीमती सुहिंदर कौर ने उपस्थित ओलंपियनों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। जिला खेल अधिकारी अमृतसर सरदार गुरप्रीत सिंह ने ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह और श्रीमती सुहिंदर कौर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026’ के मुकाबले 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और एस.ए.एस. नगर (मोहाली) में आयोजित किए जाएंगे। इस टूर्नामेंट में भारत, बांग्लादेश, जापान, चीन, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमें भाग लेंगी। जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि मोहाली में 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 नवंबर को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला तथा फाइनल खेला जाएगा।
जिला खेल अधिकारी सरदार गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ट्रॉफी टूर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे अमृतसर से जिला गुरदासपुर के लिए रवाना होगा। उन्होंने कहा कि इस टूर का उद्देश्य हॉकी के प्रति लोगों, विशेषकर युवाओं में उत्साह पैदा करना और पंजाब में खेल संस्कृति को और मजबूत करना है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र