अमृतसर में नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार व्यक्ति 10 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 22 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने चार व्यक्तियों को 10 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सुखराज सिंह निवासी हरगोबिंद एवेन्यू, अजीतपाल सिंह उर्फ मोटा निवासी खंडवाला, अनमोलप्रीत सिंह निवासी जवाहर नगर और रॉबिन गिल निवासी गांव चोगावां के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी अमृतसर जिले से संबंधित हैं। नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा, पुलिस टीमों ने उनका हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक काले रंग का होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया है, जिनका इस्तेमाल हेरोइन की खेप ले जाने के लिए किया जा रहा था।
डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के साथ मिलकर काम कर रहे थे और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करके राज्य में आगे सप्लाई कर रहे थे।
इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर की टीम को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे अपने हैंडलर के निर्देशों पर उसके साथी सुखराज सिंह, अजीतपाल सिंह उर्फ मोटा, अनमोलप्रीत सिंह और रॉबिन गिल ने हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त की है और वे इसे आगे किसी अन्य पार्टी तक पहुंचाने वाले हैं।
पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव घनूपुर काले में डेरा बाबा दर्शन सिंह के पास इन चारों संदिग्ध व्यक्तियों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे अपने मोटरसाइकिल और स्कूटर पर जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद की।
डी.जी.पी. ने बताया कि इस मामले से जुड़ी अगली और पिछली कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है, ताकि इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके और सीमा पार से संचालित हो रहे व्यापक नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
इस संबंध में पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (एस.एस.ओ.सी.), अमृतसर में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत दिनांक 22-10-2026 को एफ.आई.आर. नंबर 67 दर्ज की गई है।

Check Also

हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के ट्रॉफी टूर का गुरु नगरी अमृतसर में भव्य स्वागत

ओलंपियनों और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों की उपस्थिति में स्कूल ऑफ एमिनेंस, छेहरटा में आयोजित किया …