Breaking News

जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो में लगाए गए प्लेसमेंट कैंप में 68 उम्मीदवारों ने लिया भाग, 54 उम्मीदवारों की हुई शॉर्टलिस्टिंग

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 नवंबर 2026: पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, अमृतसर में प्लेसमेंट कैंप लगाया गया।
इस अवसर पर डॉ. रुपिंदर पाल सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास)-कम-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डी.बी.ई.ई. अमृतसर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो द्वारा समय-समय पर प्लेसमेंट कैंप आयोजित कर युवाओं को निजी क्षेत्र की नामी कंपनियों में रोजगार प्राप्त करने के लिए उचित मंच उपलब्ध करवाया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, अमृतसर के डिप्टी डायरेक्टर श्री प्रभजोत सिंह ने बताया कि इस प्लेसमेंट कैंप में साडा पिंड, फोनपे, इंटरनेशनल कैम्ब्रिज अकादमी, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक और ब्लिंकिट आदि नामी कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए गए। उन्होंने बताया कि कैंप में विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले युवक-युवतियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया तथा कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा उम्मीदवारों की योग्यता और इंटरव्यू के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
उन्होंने बताया कि इस प्लेसमेंट कैंप में कुल 68 उम्मीदवारों ने भाग लिया, जिनमें से 54 उम्मीदवारों को विभिन्न कंपनियों द्वारा मौके पर ही शॉर्टलिस्ट किया गया।
इस अवसर पर श्री सुरेश कुमार, रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण अधिकारी, अमृतसर ने युवाओं से अपील की कि वे रोजगार के अधिक से अधिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, अमृतसर के संपर्क में रहें तथा भविष्य में आयोजित किए जाने वाले प्लेसमेंट कैंपों में बढ़-चढ़कर भाग लें।

Check Also

तरनतारन के नौशहरा पन्नूआं के पास दो बसों की आपसी टक्कर में 5 लोगों की मौत, कई घायल

कल्याण केसरी न्यूज़, तरनतारन, 14 नवंबर 2026: तरनतारन के डिप्टी कमिश्नर डॉ. निर्मल ओसेपचन ने …